- सीएम डैश बोर्ड मॉडल के आधार पर जिले के विकास कार्यों की समीक्षा व रैंकिंग का होगा निर्धारण: सीडीओ
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में सीएम डैश बोर्ड के सफल क्रियान्वयन व संचालन के संबंध में सीडीओ की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें कार्य में प्रगति नहीं होने पर पांच अधिकारियों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया।
सीडीओ गुंजन द्विवेदी ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पोर्टल राज्य सरकार की तरफ से संचालित समस्त योजनाओं की प्रगति को बताएगा। इसलिए इसे गंभीरता से लें। पोर्टल पर अपलोड फीडिंग के आधार पर ही जिले की रैंकिंग निर्धारित की जाएगी। इस पर जिले की 67 योजनाओं के आधार पर रैकिंग निर्धारित की जाएगी।
बैठक की शुरूआत उद्योग विभाग की तरफ से की गई, जिसके तहत उद्योग स्थापित संबंधी ओएमयू की कार्रवाई पूरी नहीं होने पर डीएम से अनुमोदन लेकर ऑनलाइन की प्रक्रिया पूरा कराने का निर्देश दिया गया। खादी ग्रामोद्योग की समीक्षा दौरान कमियां मिलने पर खादी ग्रामोद्योग अधिकारी से स्पष्टीकरण लिने का निर्देश दिया गया। ओडीओपी के तहत टूल किट योजना में प्रगति शून्य मिलने व विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना तहत प्रशिक्षण नहीं कराने पर उपायुक्त उद्योग से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए।
कृषि रक्षा रसायन की समीक्षा दौरान इस माह में 38वें स्थान पर आने पर जिला कृषि अधिकारी को स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया। इसके अलावा 102 एम्बुलेंस, 108 रेडियोलॉजी, दवाओं की उपलब्धता आदि की संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर सीएमओ से स्पष्टीकरण मांगा।
इस दौरान डीएफओ अनिल कुमार श्रीवास्तव, पीडी जगदीश त्रिपाठी, डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी, डीआईओएस रविंद्र सिंह, उप कृषि निदेशक आशीष कुमार आदि मौजूद रहे।