शासन ने स्वास्थ्य विभाग को किया अलर्ट
सरकारी रिकार्ड में कोरोना से करीब 215 मरीजों की हुई थी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। पड़ोसी जिलों में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए शासन ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट कर दिया है। जरूरी तैयारी रखने निर्देश दिए हैं, लेकिन जनपद में कोरोनारोधी टीका ही नहीं है। ऐसे में टीकाकरण लंबे समय से जनपद में बंद है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक 30 लाख 55 हजार 629 लोगों को पहली और 30 लाख 14 हजार 177 लोगों को दूसरी डोज लगी है। जहां तक सतर्कता डोज की बात है तो यह टीका सिर्फ छह लाख 78 हजार 498 लोगों को ही लग पाया है। कोरोनारोधी वैक्सीन खत्म होने के बाद जनवरी में कोविशील्ड की करीब 25 हजार डोज वैक्सीन आई थी, लेकिन नौ फरवरी को वह भी खत्म हो गई। उसके बाद से वैक्सीन नहीं आ रही है।
कोरोना महामारी की पहली और दूसरी लहर में जनपद के अंदर सैकड़ों लोगों ने अपनों को खोया। कोई ऑक्सीजन की कमी से तो कोई महामारी की वजह से दम तोड़ा। कोरोना संक्रमण के दौरान हाहाकार की स्थिति थी। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में करीब सवा दो सौ लोगों की मौत दर्ज की गई थी।
00000
कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए जिला अस्पताल में यह है तैयारी-
राजकीय मेडिकल कॉलेज कुशीनगर के प्राचार्य डॉ. आरके शाही ने बताया कि एमसीएच विंग में 100 बेड का कोविड वार्ड संचालित करने की तैयारी पूरी कर ली है। उन्होंने बताया कि 40 बेड का वेंटीलेटरयुक्त आईसीयू, 40 बेड का आईसीयू युक्त वार्ड और 20 बेड का सामान्य वार्ड बना दिया गया है। इसके अलावा स्टॉफ को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इमरजेंसी वार्ड में आने वाले जिन मरीजों में सर्दी, खांसी, बुखार, सांस लेने में तकलीफ जैसे कोविड के लक्षण दिखते ही तत्काल उनका एंटीजन टेस्ट कराया जाएगा और फिर संक्रमित मिलते ही वार्ड में शिफ्ट कर दिया जाएगा।
00000
चार में दो ऑक्सीजन प्लांट पूरी तरह सक्रिय-
प्राचार्य ने बताया कि जिला अस्पताल में चार ऑक्सीजन प्लांट लगे हैं, जिनमें दो पूरी तरह क्रियाशील हैं। एक में थोड़ी तकनीकी खराबी है, जिसे एक-दो दिन में ठीक करा लिया जाएगा। एक ऑक्सीजन प्लांट पूरी तरह खराब है। फिर भी यहां ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है।
...
कोट
दूसरे जनपदों में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए शासन ने पूरी सतर्कता बरतने का आदेश दिया है।सार्वजनिक स्थलों पर कोविड गाइडलाइन का पालन करने सहित सभी जरुरी एहतियात बरतने का आदेश मिला है। शासन की गाइडलाइन का शत प्रतिशत पालन किया जाएगा। नौ फरवरी के बाद से जनपद में कोरोनारोधी वैक्सीन खत्म है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
डॉ. संजय गुप्ता, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी