तमकुहीरोड। गोरखपुर में पूर्वोत्तर रेलवे का मेगा ब्लाॅक समाप्त हो जाने और सभी निरस्त ट्रेनों का आवागमन शुरू होने के बाद गर्मी में ट्रेनों में होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर रेलवे ने तीन और स्पेशल ट्रेनों के चलाए जाने की मंजूरी देते हुए समय सारिणी घोषित कर दी है। इसमें 14 मई से छपरा-आनंद बिहार, 15 से लालकुआं-कोलकाता और 19 मई से छपरा-शहीद कैप्टन तुषार महाजन (उधमपुर) साप्ताहिक स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। लोगों का कहना है कि इस रूट पर पहले से चल रही दो स्पेशल ट्रेनों के साथ तीन नई स्पेशल ट्रेनों को चलाए जाने से यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा करने में काफी सहूलियत मिलेगी। कप्तानगंज थावे रेलमार्ग पर मेगा ब्लाक समाप्त हो जाने के बाद इस रूट की सभी ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। साथ ही पूर्वोत्तर रेलवे ने इस रूट पर पहले से सप्ताह में एक दिन चल रही छपरा-अमृतसर स्पेशल और सप्ताह में दो दिन चल रही छपरा-आनंद बिहार टर्मिनल स्पेशल ट्रेन के अलावा तीन नई स्पेशल ट्रेनों को चलाए जाने की मंजूरी दे दी है।