गंडक नदी में बालक के डूबने की जानकारी होने पर पहुंची एसडीआरएफ टीम के साथ खड्डा सीओ संदीप वर्मा
- दूसरे दिन भी तलाशती रही एसडीआरएफ की टीम
छितौनी। जीवित्पुत्रिका पर्व पर गंडक नदी में डूबे बालक का दूसरे दिन भी पता नहीं चल सका। एसडीआरएफ की टीम ने शनिवार को भी उसकी खोजबीन की। वहीं क्षेत्रीय विधायक ने घटनास्थ्ल पर पहुंचकर खोजबीन का जायजा लिया।
शुक्रवार को अपनी मां के साथ गंडक नदी में नहाने गए नगर पंचायत छितौनी के लोहिया नगर निवासी राजू बिंद का 7 वर्षीय पुत्र छोटू बिंद बिहार के पिपरासी थाना क्षेत्र के श्रीपतनगर के पास गंडक नदी की धारा में बह गया था। घटना के 18 घंटे बाद शनिवार की सुबह पहुंची यूपी-बिहार की एसडीआरएफ टीम ने खोजबीन की, लेकिन शाम तक बालक का पता नहीं चल पाया।
खड्डा के एसडीएम आशुतोष कुमार व सीओ संदीप वर्मा ने भी पहुंचकर मौके का जायजा लिया। एसडीएम ने बताया कि दोनों राज्यों की एसडीआरएफ टीम रेस्क्यू कर रही है। नदी की धारा जहां मुख्य धारा से मिलती है, वहां तक टीम रेस्क्यू कर रही है। मौके पर राजस्व व पुलिस टीम मौजूद है।