पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को पीस कमेटी की बैठक में नवरात्र, विजयदशमी (दशहरा) के त्योहार को शांति और सौहार्द पूर्ण माहौल में मनाने की अपील की गई। प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, उचित प्रकाश व्यवस्था, कानून एवं शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीएम विशाल भारद्वाज ने विसर्जन स्थल, पंडाल स्थापना के समय आने वाली समस्या, विवादित स्थान और संवेदनशील स्थानों पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं के बारे जानकारी ली। कहा कि त्योहार पर किसी प्रकार की नई परंपरा की शुरू नहीं होगी। गाइडलाइंस का पालन नहीं करने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रतिमा विसर्जन स्थल पर रेत की बोरी से घाटों का निर्माण करने, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की व्यवस्था करने, एसडीआरएफ की टीम चिन्हित स्थलों पर रहने, रास्ते पर प्रकाश की उचित व्यवस्था करने पंडाल में फायर कंट्रोल की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने कहा कि सभी अधिकारी रूट चार्ट का भ्रमण कर निरीक्षण कर लें। सोशल मीडिया की तरफ से फैलाए जा रहे अफवाहों पर ध्यान न दें। सभी स्थानों पर पुलिस कर्मी तैनाती की जाएगी। आयोजक समिति के सदस्यों का नाम सहित मोबाइल नंबर थाने को उपलब्ध करा दें। एडीएम वैभव मिश्र ने कहा कि किसी भी दशा में अश्लील गाने नही बजाए जाएंगे। सभी अधिकारी मिले दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें।
इस दौरान एएसपी रीतेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।