पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में धर्मगुरुओं के साथ बृहस्पतिवार को बैठक हुई। मोहर्रम, श्रावण मास कांवड़ यात्रा, नागपंचमी त्योहार को लेकर डीएम, एसपी की मौजूदगी में बैठक हुई। अफसरों ने शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने के लिए अपील की। कोई भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी और अधिक ऊंचाई वाले ताजिया भी जुलूस में शामिल नहीं किए जाएंगे। ऐसा करने वालों से प्रशासन सख्ती से निपटेगा।
डीएम उमेश मिश्र ने नगर पालिका व नगर पंचायतों के ईओ, डीपीआरओ, बीडीओ से गांव में साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित रखने आदि के बारे में निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाहों संबंधी किसी भी न्यूज का बिना पुष्टि किए उस पर ध्यान न दें। कानून एवं शांति व्यवस्था हर हाल में कायम रहनी है। इसलिए इसकी तैयारी क्षेत्र में पहले ही कर लें। उन्होंने मोहर्रम पर विशेष एहतियात बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि ताजिया ले जाते समय प्रमुख मार्ग पर आवागमन बाधित न हो। नियमों के अनुरूप ही ताजियेदार ताजिया बनाएं।
सभी सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने थानाध्यक्षों से आपसी समन्वय स्थापित कर ड्यूटी करें। एसपी धवल जायसवाल ने कहा कि मोहर्रम, कांवड़ यात्रा, नागपंचमी और रक्षाबंधन पर पुलिस पुरी तरह अलर्ट है। अनावश्यक एवं भड़काऊ पोस्ट शेयर करने से बचें। ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सीडीओ गुंजन द्विवेदी, एएसपी रितेश कुमार सिंह, कसया ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंकिता जैन, हाटा एसडीएम प्रभाकर सिंह, डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी आदि मौजूद रहे।