निर्दलीय और युवा सभासदों ने फीकी की दलों के जीत की चमक
नगर निकाय चुनाव में अधिकतर निर्दल और युवा जीते
संवाद न्यूज एंजेसी
पडरौना/कप्तानगंज। नगर निकाय चुनाव में युवा और निर्दलीय सभासदों का बोलबाला रहा। सभी ने अध्यक्ष का चुनाव जीतने के बाद भाजपा प्रत्याशी सुशीला खेतान को विकास के मुद्दे पर सहयोग करने की बात कही। वहीं, नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष सुशीला खेतान ने कहा कि जो भी सभासद चुनाव जीतकर आए हैं, उनके साथ बोर्ड का गठन कर कस्बे में अधूरे कार्य को प्राथमिकता से पूरा कराया जाएगा।
मेरा वार्ड बहुत पिछड़ा है। इस वार्ड में सबसे बड़ी समस्या है कि जलनिकासी का प्रबंध न होना। इस वार्ड से कप्तानगंज रजबाहा निकलता है। इसकी सफाई पर जोर दिया जाएगा।
-मोहम्मद आरिफ, सभासद, वार्ड नंबर तीन, किसान चौक
मेरे वार्ड में कांशीराम आवास बना हुआ है। इसमें पानी की निकासी न होने और मरम्मत के अभाव में भवन जर्जर हो गए हैं। इसमें निवास कर रहे लोगों की समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा। विकास के मुद्दे पर हम सभी एकजुट रहेंगे।
-अलहम, सभासद, वार्ड नंबर पांच, राम जानकी मंदिर
मैं राजनीति में सिर्फ समाजसेवा की भावना से आया हूं। मेरे वार्ड में रहने वाले गरीब छात्र पैसे के अभाव में शिक्षा से वंचित होने पर उन्हें शिक्षा दिलाने में सहयोग करूंगा। पेंशन व अन्य सुविधाओं का जरूरतमंद लोगों को लाभ दिलाया जाएगा।
-संजय पटेल, सभासद, वार्ड नंबर-11, आर्य समाज मंदिर
विकास के मुद्दे पर हम सभी सभासद और अध्यक्ष एक साथ मिलकर नगर पंचायत कप्तानगंज को एक स्वच्छ और सुंदर नगर पंचायत बनाने की कोशिश करेंगे। जनता के विश्वास को कायम रखेंगे।
-मणिंद्र अग्रहरि, सभासद, वार्ड नंबर-12