बोदरवार। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बोदरवार बाजार सम्मे चौक के समीप मंगलवार को नवविवाहिता ने घर में छत के कुंडे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के कमरे से एक सुसाइड नोट भी पुलिस को मिला है। इसमें जीवन से ऊबकर जान देने की बात कही गई है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बोदरवार निवासी मीरा देवी पत्नी स्व. रोहित गोंड की नवविवाहिता 20 वर्षीय पुत्र वधू खुशबू ने मंगलवार की दोपहर में अंदर से कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजन आवाज देकर उसे बुलाने लगे। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आने पर दरवाजा तोड़कर परिजन अंदर दाखिल हुए तो छत के कुंडे से फंदे से लटकता महिला का शव मिला।
मीरा देवी के अनुसार, उन्होंने अपने बड़े बेटे उपेंद्र की शादी इसी वर्ष 29 फरवरी को कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ही पचार गांव निवासी विरेंद्र गोंड की पुत्री खुशबू से की थी। बताया जा रहा है कि खुशबू ने फंदा लगाने से पहले सुसाइड नोट भी लिखा है। इसमें उसने बताया है कि वह अपने जीवन से ऊबकर जान दे रही है। मौके पर पहुंचे बोदरवार के चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।