तमकुहीराज। पुराने संपत्ति मूल्यांकन के स्थान पर शासन की ओर से जारी नई संपत्ति मूल्यांकन दर की सूची शनिवार को उपनिबंधक कार्यालय चस्पा कर दी गई। रजिस्ट्रार ने इस नई संपत्ति मूल्यांकन की सूची राजस्व न्यायालय में कार्यरत दस्तावेज लेखकों व अधिवक्ताओं को देकर उसके बारे में जानकारी दी। एक अनुमान के मुताबिक नई मूल्यांकन सूची लागू होने के बाद जमीन का बैनामा कराने वाले क्रेताओं को पुराने दर से करीब 20 से 30 प्रतिशत तक अधिक राजस्व का भार पड़ेगा। डीएम महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश के बाद शनिवार से उपनिबंधन कार्यालय तमकुहीराज क्षेत्र से जुड़े 376 राजस्व ग्राम पंचायतों के अचल संपत्तियों की नई मूल्यांकन दरें लागू कर दी गई हैं। यह आदेश स्टाम्प एवं संपत्ति मूल्यांकन नियमावली–1997, 2013 व 2015 के संशोधनों के आधार पर जारी किया गया है। डीएम के निर्देश के बाद अब केवल नई संपत्ति मूल्यांकन दरों पर ही पंजीकरण और अन्य कार्यवाही होगी।