सलेमगढ़ टोल प्लाजा से जाते वाहन। स्रोत-सोशल मीडिया
पडरौना। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले लोगों को जल्द राहत मिलेगी। एनएचएआई आगामी 15 अगस्त से निजी चार पहिया वाहनों के लिए वार्षिक फास्टैग पास की सुविधा शुरू करने जा रहा है। यह नई व्यवस्था टोल टैक्स भुगतान को और अधिक सुविधाजनक व किफायती बनाएगी। वार्षिक फास्टैग पास व्यवस्था शुरू होने के बाद वाहन चालक निर्बाध रूप से आवागमन कर सकें, इसके लिए सलेमगढ़ स्थित टोल प्लाजा का विस्तारीकरण कर वहां दूसरा ट्रैक बनाए जा रहा है। एनएचएआई की नई सुविधा के तहत निजी कार, जीप, वैन (नॉन कमर्शियल वाहन) के मालिक तीन हजार रुपये का वार्षिक शुल्क देकर एक साल के अंदर 200 बार टोल प्लाजा से आ-जा सकेंगे। तय सीमा (200 ट्रिप या एक वर्ष, जो पहले पूरा हो) के बाद यह पास स्वतः सामान्य फास्टैग में बदल जाएगा और फिर टोल का भुगतान मौजूदा दरों पर करना होगा। यात्री अगर सलेमगढ़ टोल प्लाजा को पार कर बिहार की तरफ जाते हैं और कुशीनगर की तरफ आते हैं तो इसकी गिनती दो होगी।