वाहन की चपेट से नेपाली पर्यटक की मौत
जौरा बाजार (कुशीनगर)। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर मधुरिया गांव के चौहानपट्टी टोला के निकट स्थित पेट्रोल पंप के सामने नेपाली पर्यटक वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वह सड़क पार करते वाहन की चपेट में आया था।
नेपाली पर्यटकों का 30 सदस्यीय दल टूरिस्ट बस से टूर पर आया था। बताया जा रहा है कि उन्हें पहले गया जाना था और उसके बाद उन्हें वहां से कुशीनगर आना था। अपने इसी कार्यक्रम के तहत वे नेपाल से आए थे। गया से लौटने के ये पर्यटक भोर में कुशीनगर जा रहे थे। शुक्रवार को भोर में मधुरिया गांव के चौहानपट्टी टोला के निकट स्थित पेट्रोल पंप पर बस रुकी। वहीं पर पर्यटक दल का सदस्य प्रेमा गरुण (50) पुत्र अचल गरुण निवासी ग्राम चरांग थाना जुमसुम जिला मुस्तंग, नेपाल सड़क पार कर उत्तर तरफ चला गया।
वापस सड़क पार करते समय वह किसी वाहन की चपेट में आ गए। प्रेमा गरुण की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसकी सूचना पर मधुरिया चौकी की पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चौकी इंचार्ज रणजीत सिंह बघेल ने बताया कि प्रेमा गरुण के घर के पते पर सूचना दे दी गई है। उनके परिवार के लोग शव लेने के लिए नेपाल से चल दिए हैं। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को कागजी कार्रवाई के बाद शव को सुपुर्द कर दिया जाएगा।