पडरौना। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच अल्लाह की रहमतों और नेमतों से भरे पाक रमजान माह के तीसरे जुमे की नमाज पूरी अकीदत के साथ अदा की गई। पूरे दिन प्रशासन अलर्ट रहा और सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रही। शहर से लेकर गांव तक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। रोजेदारों ने देश में अमन-चैन की दुआएं मांगीं। इस दौरान सभी मस्जिदों में नमाज से पहले पेश इमामों ने रोजा रखने व अल्लाह की इबादत की बातें बताईं।
मौलाना इमरान अली ने बताया कि रमजान के आखिरी अशरे में एतेकाफ करना चाहिए। यह 20वें रोज की शाम मगरिब की नमाज के साथ शुरू होकर ईद का चांद देखकर खत्म होता है। रमजान के तीसरे जुमे में लोगों ने नमाज अदा कर अपने गुनाहों की माफी, देश में अमन चैन, खुशहाली, भाईचारे की मजबूती और बीमारियों से निजात की दुआएं मांगीं। मस्जिदों में नमाज को लेकर मस्जिदों में पुख्ता इंतजाम किए गए। सुरक्षा को देखते हुए मस्जिदों के पास शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के जवान तैनात रहे।
13 जोन और 37 सेेक्टर में बांटकर की गई निगरानी
पडरौना/तमकुहीराज। मुख्तार अंसारी की मौत के चलते को लेकर शुक्रवार को जिले में धारा 144 लागू कर दी गई। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले को 13 जोन और 37 सेेक्टर में बांटा गया है।
कसया की ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंकिता जैन, ईओ महेश कुमार, जिला गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी, तमकुहीराज के एसडीएम विकास चंद, पीडब्लूडी के एक्सईएन मृत्युंजय कुमार, एक्सईएन सुरेंद्र सिंह, जिला पशु चिकित्साधिकारी डॉ. रविंद्र प्रसाद, हाटा एसडीएम प्रभाकर सिंह, एएसडीएम हीरालाल, बीएसए रामजियावन मौर्या, जिला कार्यक्रम अधिकारी शैलेंद्र कुमार राय, एसडीएम पडरौना व्यास नारायण उमराव, आरईडी के एक्सईएन रवि प्रकाश सिंह, एसडीएम कप्तानगंज आशुतोष, डीसी मनरेगा राकेश, एसडीएम खड्डा ऋषभ पुंडीर, सहायक आयुक्त नीरज कुमार गौड़, बदोबस्त अधिकारी संतोष कुमार को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। जुमे की नमाज से पहले अफसरों ने अपने क्षेत्र की मस्जिदों का जायजा लिया और सुरक्षा का इंतजाम देखा। पुलिसकर्मी भी सक्रिय रहे। डीएम, एसपी ने भी भ्रमण कर सुरक्षा का जायजा लिया। तमकुहीराज कस्बे की दो मस्जिदों मेंं जुमे की नमाज शांति पूर्ण तरीके से पढ़ी गई। एसडीएम तमकुहीराज विकास चंद्र, इंस्पेक्टर अतुल कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मस्जिद के बाहर व कस्बे के चौक चौराहे पर मुस्तैद रहे। डीएम उमेश मिश्रा ने बताया कि एहतियात के तौर पर जिले में एक दिन के लिए धारा 144 लागू की गई है।