युवती से मिलने पहुंचे युवक की हत्या, चार गिरफ्तार
जौरा बाजार/रहसू बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक की पीटकर हत्या कर दी गई। घटना रविवार की देर रात हुई। युवक अपनी परिचित युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। युवती के परिजनों ने उसे पकड़कर पहले पिटाई की। इसके बाद भाला से हमला करके उसकी जान ले ली। घटना की सूचना पर एसपी धवल जायसवाल मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने युवक की हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर रामाश्रय तिवारी उर्फ फूल तिवारी, रुपेश तिवारी, रितिक तिवारी और योगेन्द्र तिवारी निवासी अमवा तिवारी थाना तुर्कपट्टी को गिरफ्तार कर लिया। एसएचओ आशुतोष सिंह और इंस्पेक्टर धनंजय तिवारी की टीम को सूचना मिली कि आरोपी कहीं भागने कोशिश में लगे हैं। वह एनएच 28 के धुनवलिया मोड़ पर हैं। तेजी दिखाते हुए पुलिसकर्मियों ने उनको पकड़ लिया। उनके पास से लाठी और चाकू बरामद हुआ।
युवक की पहचान तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के रहसूमाली पट्टी निवासी चंद्रशेखर के इकलौते बेटे विकास (25) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक विकास का प्रेम संबंध गांव की ही एक युवती से था। रविवार की देर रात वह अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा। 11 बजे के बाद परिजनों को सूचना मिली कि विकास की हत्या कर दी गई है। उसके बदन पर चोटों के निशान हैं। पिता चंद्रशेखर अपने गांव के प्रधान संग मौके पर पहुंचे। गांव के बाहर एक व्यक्ति के मकान से करीब सौ मीटर की दूरी विकास का शव पड़ा हुआ था। इसकी सूचना पिता ने पुलिस को दी। बेहरमी से युवक को पीटकर करके उसके बदन में भाला घोंपा गया था।
घटना की जानकारी पाकर एसपी, एएसपी, एसएचओ भारी फोर्स समेत घटनास्थल पर पहुंचे। पिता ने पुलिस को बताया कि रात में नौ बजे उनके बेटे के मोबाइल पर युवती का फोन आया। इसके बाद वह अपनी बाइक लेकर उससे मिलने चला गया। युवती उसका प्रेम संबंध काफी दिनों से चल रहा था। युवती कई बार उनके घर पर आकर रहने की जिद कर चुकी है। युवक के पिता ने युवती, उसके परिजनों के खिलाफ बेटे की हत्या की तहरीर दी। युवती के चाचा, भाई सहित अन्य दो लोगों को नामजद किया। पिता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को पीटने के बाद भाला घोंपकर हत्या की गई है।
इस संबंध में एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
चार साल पुराना प्रेम संबंध, जान देकर चुकाई कीमत
विकास अपनी पांच बहनों के बीच इकलौता भाई था। वह करीब चार साल से युवती से प्रेम कर रहा था। शुरुआत में इसकी जानकारी दोनों परिवारों को नहीं थी। बाद में धीरे-धीरे यह बात पूरे गांव में फैल गई। वह अक्सर युवती से मिलने पहुंच जाता था। रविवार की रात भी वह युवती के बुलाने पर मिलने पहुंचा, लेकिन इस बार वह लौटकर घर नहीं आया। माहौल को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।