- मठिया के दंगल में 30 जोड़ी पहलवानों ने दिखाया दमखम
- खड्डा क्षेत्र के मठिया गांव में दशहरा के उपलक्ष्य में 95 वर्षों से होती है रामलीला व दंगल
- भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष, गोरखपुर के सांसद सहित कई जनप्रतिनिधि और नेता रहे मौजूद
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा। मठिया गांव में आयोजित दंगल में 30 जोड़ी पहलवानों ने दांव आजमाए। दंगल की शुरुआत भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय व अभिनेता व गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने कौआसार के पहलवान शिवानंद व बनारस के सदानंद का हाथ मिलवाकर किया। इसमें शिवानंद विजयी रहे। दंगल के दौरान गोरखपुर के सांसद व अभिनेता रवि किशन व कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दुबे भी अखाड़े में कूद गए। दोनों सांसदों की कुश्ती लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
95वें वर्ष मठिया बुजुर्ग गांव में लगने वाले दशहरा के उपलक्ष्य में मेला के पहले दिन का समापन शुक्रवार को रावण के पुतला दहन के साथ हुआ था। शनिवार को प्रदेश के विभिन्न स्थानों से आए तथा स्थानीय पहलवानों ने कुश्ती कला का प्रदर्शन करते हुए दांव आजमाए। इसमें गोरखपुर के पहलवान अजयपाल, कौआसार के मोनू, बनारस से आए पहलवान कृष्णा व विकास तथा शिवानंद आदि पहलवानों ने अपने प्रतिद्वंद्वी को पटखनी देकर बाजी अपने नाम की। बंटी व अखिलेश, चंद्रेश व इंद्रेश्वर, अजय व संदीप, रोहित व नंदू आदि पहलवानों की कुश्ती बराबर रही। दंगल के निर्णायक शोभा यादव व रामप्रीत यादव थे।
संचालन कुणाल राव व रामजन्म तिवारी ने किया। इस अवसर पर खड्डा के विधायक विवेकानंद पांडेय, मेला के अध्यक्ष आनंद दुबे, अनुज दुबे, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप जायसवाल, ब्लाॅक प्रमुख खड्डा शशांक दुबे, एएसपी रितेश सिंह, क्षेत्राधिकारी संदीप वर्मा, नगरपालिका चेयरमैन पडरौना विनय जायसवाल, भाजपा नेता दुर्गेश्वर वर्मा, चेयरमैन छितौनी अशोक निषाद, राधेश्याम दीक्षित, विजय पांडेय सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।