ट्रेन की चपेट में आने से मां और बेटी की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
कप्तानगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सुधियानी लाइन टोला निवासिनी 30 वर्षीय रिंकी देवी पत्नी मुकेश चौहान की गोरखपुर जा रही ट्रेन से कटकर मौत हो गई। दुखद संयोग यह रहा कि मृतका की गोद की दो वर्षीय दुधमुहां बच्ची भी थी। ट्रेन की चपेट में आने से बच्ची की भी मौत हो गई।
रविवार की शाम 5:00 बजे रिंकी देवी अपने टोले से रेलवे लाइन पार कर सड़क की तरफ जा रही थीं। इसी बीच कप्तानगंज की तरफ से गोरखपुर जा रही अवध एक्सप्रेस की चपेट में आ गईं। घटनास्थल सुधियानी रेलवे ढाला से करीब 300 मीटर दूर पश्चिम तरफ है।
उस समय रिंकी की गोद में दो वर्षीय बेटी प्रीति भी थी। ट्रेन से कटने से मां-बेटी की मौत हो गई। रिंकी का पति मुकेश चौहान इस समय मुंबई कमाने गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद ग्राम प्रधान वीरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने मृतका और बच्ची के शव को कब्जे में लेते पोस्टमार्टम के लिए भेजा।