एक लाख 29 हजार 87 अभिभावकों के खाते में भेजी गई 22 करोड़ से अधिक रकम
पडरौना। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बटन दबाकर प्रदेश के 1.91 करोड़ विद्यार्थियों के लिए उनके अभिभावकों के खाते में रकम भेजी। इसमें से कुशीनगर जिले के 1,84,775 विद्यार्थियों के 1,29,087 अभिभावकों के खाते में 22,17,30,000 रुपये भेजे गए। प्रत्येक बच्चे के जूता-मोजा, यूनिफॉर्म, स्वेटर, स्कूल बैग, पेन, पेंसिल, कॉपी, रबर व कटर के लिए 1,200 रुपये उनके अभिभावकों के खाते में भेजे गए। इसका सीधा प्रसारण किया गया।
कलेक्ट्रेट में भी इसका सीधा प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 2017 से पहले स्कूलों की स्थिति अच्छी नहीं थी। स्कूलों में कहीं शिक्षक थे तो छात्र नहीं थे। कहीं भवन नहीं थे। स्कूल में बड़े बड़े पेड़ थे, स्कूल भवन पार्क लगता था। अभिभावक बच्चों को स्कूल नहीं भेजना चाहते थे, लेकिन अब बेसिक शिक्षा विभाग को विश्वास का प्रतीक बनाया गया है। पांच साल में विद्यार्थियों की संख्या 1.34 करोड़ से बढ़कर 1.91 करोड़ हो गई है। पहले 60 फीसदी विद्यार्थियों को नंगे पैर स्कूल जाना पड़ता था, पर अब वे बच्चे भी कांवेंट स्कूलों की तर्ज पर स्थापित परिषदीय स्कूल में जा रहे हैं। संबोधन के बाद मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर अभिभावकों के खाते में रकम भेजी।
बेसिक शिक्षा विभाग के जिला समंवयक (सामुदायिक सहभागिता) उपेंद्र गुप्ता ने बताया कि जनपद के परिषदीय विद्यालयों में कुल 3,37,000 बच्चे नामांकित हैं। इनमें से 1,84,775 छात्र-छात्राओं के 1,29,087 अभिभावकों के खाते में 22,17,30,000 रुपये भेजी गई है।