कुशीनगर जिले में गन्ने के खेत में अर्द्धनग्न हाल में अचेत मिली युवती
कुशीनगर। जिले के तमकुहीराज थाना क्षेत्र के चखनी पुल के पास गन्ने के खेत में मिली युवती को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। अर्द्धनग्न हालत में मिलने से दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस इस तरह की घटना से इन्कार कर रही है।
जिला अस्पताल में भर्ती 18 साल की युवती कुछ भी बता नहीं पा रही है। सिर्फ बड़बड़ा रही है। घटनास्थल और युवती की हालत देखने के बाद उसके साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। इधर, घटना की जानकारी होने पर जिला अस्पताल पहुंची मां और मामा ने बताया कि वह बिहार के गोपालगंज जिले के निवासी हैं। करीब डेढ़ माह पहले युवती अपने मामा के घर आई थी। इस साल 12वीं में उसका दाखिला हुआ था। बृहस्पतिवार को एक सहेली जन्मदिन के कार्यक्रम में उसे तमकुहीराज ले गई थी। युवती ने शुक्रवार को लौटने को कहा था। लेकिन, उसका पता नहीं चला। इसबीच शनिवार को उसके अचेत हाल में मिलने की सूचना मिली। परिवार वालों के मुताबिक युवती के अर्द्धनग्न और अचेतावस्था मिलने की जानकारी उन्हें पुलिस से मिली। जब वे अस्पताल पहुंचे तो कपड़े बदले जा चुके थे। उसके कपड़े कहां है, इस बारे में नहीं बताया गया। परिजनों ने बताया कि जिस हाल में बेटी मिली है, उससे दुष्कर्म की आशंका है। लेकिन जब तक मेडिकल परीक्षण न हो जाए या लड़की कुछ बताने की स्थिति में न आ जाए, तब तक कुछ कह नहीं सकते।
गन्ने के खेत में मिली युवती की उम्र 18 साल है। वह सेवरही के एक युवक से प्रेम करती थी। उसके घर गई थी। युवक ने उससे शादी से इन्कार किया तो अधिक मात्रा में दवाइयां खा ली। इससे अचेत हो गई। इसके बाद प्रेमी ने अपने दोस्त की मदद से उसे तमकुहीराज क्षेत्र में गन्ने के खेत में फेंक दिया। युवक और उसके सहयोगी पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। युवती के साथ कोई अनैतिक कार्य नहीं हुआ है। घटना को दूसरी तरफ मोड़ने के लिए प्रेमी ने उसे अर्द्धनग्न किया था।
-धवल जायसवाल, पुलिस अधीक्षक, कुशीनगर
युवती का इलाज चल रहा है। डॉक्टर ने मेडिकल परीक्षण कराने का सुझाव दिया था, लेकिन युवती ने सहयोग नहीं किया। इसलिए उसका परीक्षण नहीं हो पाया है। सस्पेक्टेड प्वाइजनिंग मानकर इलाज किया जा रहा है। -डॉ. एचएस राय, सीएमएस जिला अस्पताल