तमकुहीराज। विधायक डॉ. असीम कुमार ने बृहस्पतिवार को गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने नारायणी नदी के कटान से प्रभावित विस्थापित किसानों के लिए पत्रक सौंपकर स्थाई पुनर्वास की मांग की। विधायक ने बताया कि क्षेत्र के पुष्पक नगर (दशहवा), अजय नगर (बभनौली) व अन्य गांवों में बाढ़ पीड़ित करीब 50 वर्षों से बड़ी संख्या में भूमिहीन किसान अपने परिवार के साथ निवास कर रहे हैं। यह परिवार नारायणी नदी के कटान के कारण अपनी मूल भूमि से विस्थापित होकर इन स्थानों पर आबाद हुए थे। दशकों से इन स्थानों पर निवास करने के कारण इनके आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, राशन कार्ड, पासपोर्ट आदि सरकारी दस्तावेजों में वर्तमान पते का ही उल्लेख है। अब वन विभाग की ओर से इन स्थानों पर बसे लोगों से भूमि खाली करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। इसके कारण किसानों के परिवारों में भय और असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है।