मंसाछापर। जटहा बाजार थाना क्षेत्र के कटाई भरपुरवा बड़ी गंडक नदी रेता से अवैध खनन कर जा रहे बालू लदी दो ट्रैक्टर-ट्राली को जिला खनन अधिकारी ने मंगलवार की सुबह पकड़कर सीज कर दिया। वहीं, बिना कागजात के जा रहे मोरंग लदे ट्रक को भी खनन अधिकारी ने थाने को सुपुर्द कर दिया।
बीते कई वर्षों से क्षेत्र में बालू का अवैध खनन कर धंधेबाज इसे मुंहमांगी कीमत पर बेच देते हैं। प्रतिदिन कटाई भरपुरवा पुलिस चौकी के सामने से ही होकर अवैध बालू ले जाया जाता है। लेकिन, स्थानीय पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। जिला खनन अधिकारी अभिषेक सिंह मंगलवार की सुबह अवैध बालू खनन वाले जगह पर पहुंचे। अवैध खनन स्थल से बालू लदी आ रही दो ट्रैक्टर-ट्रालियों को पकड़कर उन्होंने सीज कर दिया।
जबकि बिना कागजात के जा रहे मोरंग लदे एक ट्रक को पकड़कर थाने को सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई से धंधेबाजों में खलबली मच गई। जटहा बाजार इंस्पेक्टर ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि दो ट्रैक्टर-ट्राली को सीज कर दिया गया है। संवाद