संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। तहसील क्षेत्र के गांव भठही राजा में नकहनी माइनर टूट गया है। इससे नहर का पानी गांव के प्राथमिक विद्यालय परिसर के अलावा आस-पास के खेत में एकत्र हो गया है। खेत में पानी भर जाने से करीब 20 एकड़ गन्ना और धान की फसल डूब गई है।
सोमवार की रात में नकहनी माइनर भठही राजा गांव के पास टूट गई। नगर के पास स्थित प्राथमिक विद्यालय भठही बाबू परिसर में पानी भर गया। गांव के लोगों का कहना है कि पिछले वर्ष भी माइनर टूटने से विद्यालय परिसर में पानी एकत्र हो गया था। माइनर की ठीक से सफाई नहीं होने के कारण बार-बार माइनर टूटने और ओवर फ्लो होने की समस्या आ रही है।
गांव के रमेश कुशवाहा, रामराज, नूरमोहम्मद, रामप्रवेश, वाजिद, हीरा लाल, रामदास, नोखे लाल, रामविलास शर्मा, कपिल गोंड, सुदर्शन गोंड, गोबरी मिश्रा, दिलीप गोंड, हरिंदर यादव, शिब्बन आदि की करीब 20 एकड़ फसल डूब गई है। गांव के लोगों ने टूटी नहर की मरम्मत कराने की मांग की है।
इस संबंध में जेई जगदीश बहादुर लाल श्रीवास्तव ने कहा कि माइनर के अंतिम सिरे से 300 मीटर पहले ही लोगों ने बांध बनाकर अवरुद्ध कर दिया है। इसके चलते बार-बार ओवरफ्लो और टूटने की शिकायत हो रही है। टूटी जगह को शीघ्र ही मरम्मत करा दिया जाएगा।