फाजिलनगर। कस्बा के बघौचघाट मोड़ पर बाइक से एनएच पार करते समय बाइक सवार एक 50 वर्षीय व्यक्ति का पैर घुटने के नीचे कट गया। जबकि बाइक पर पीछे बैठी उनकी पत्नी को हल्की चोट आई है। मौजूद लोगों ने उन्हें फाजिलनगर सीएचसी भेजवाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। देवरिया जिले के थाना बघौचघाट निवासी लवकुश मिश्रा पत्नी के साथ एक दिन बुधवार को कप्तानगंज निवासी एक रिश्तेदार के घर गए थे। बृहस्पतिवार को वे पत्नी के साथ बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। वे कस्बा के बघौचघाट मोड़ पर एनएच पार कर रहे थे। उसी दौरान उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे वे बाइक से गिर गए, उनका एक पैर ट्रक के पहिए के नीचे चला गया। इस घटना में उनकी पत्नी भी बाइक से गिर कर घायल हो गईं।