दुदही। नगर पंचायत दुदही के शिव पार्वती मंदिर परिसर में व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। यहां पहुंचे फाजिलनगर विधायक सुरेन्द्र सिंह कुशवाहा को ज्ञापन देकर दुदही स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों एवं समर स्पेशल ट्रेनों के ठहराव की मांग की गई। सामाजिक कार्यकर्ता व अधिवक्ता मनोज कुंदन ने दुदही में लंबी दूरी की ट्रेनों तथा समर स्पेशल ट्रेनों के ठहराव कराने के लिए ज्ञापन सौंपा। इसमें गोरखपुर के लिए सुबह के समय पैसेंजर ट्रेन, दिन में ट्रेनों की संख्या बढ़ाना, आरक्षण केंद्र के संचालन समय में वृद्धि, समर स्पेशल और लंबी दूरी की सभी ट्रेनों का ठहराव आदि की मांग की गयी। विधानसभा फाजिलनगर में एक मात्र महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन दुदही ही है, जहां से बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों से लोग ट्रेन पकड़ने के लिए आते हैं। लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों को पकड़ने के लिए गोरखपुर, कप्तानगंज, तमकुही रोड, पडरौना जाना पड़ता है। जिससे धन और समय दोनों की बर्बादी होती है। दुदही का व्यापार भी प्रभावित होता है, रेल राजस्व में कमी होती है।ऐसे में लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों और दिन में पैसेंजर ट्रेनों की संख्या में वृद्धि से जनता को रेलवे यात्रा सुविधाजनक होगा। विधायक ने संबंधित अधिकारियों और रेलवे प्रशासन से प्रभावी कार्यवाही कराने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष रामकुमार जायसवाल, उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, प्रधान प्रतिनिधि भोला कुमार, सभासद प्रतिनिधि गण राजन ब्याहुत, राजन जायसवाल आदि मौजूद रहे।