बड़हरागंज व सिरसिया दीक्षित गांव में 14 लोग हैं पीड़ित
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। मेंहदीगंज क्षेत्र के बड़हरागंज व सिरसिया दीक्षित गांव में 14 लोगों के चिकन पॉक्स की चपेट में आने की सूचना पर रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम में शामिल डॉक्टरों ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर दवाएं दीं। गांव के लोगों को सफाई रखने के निर्देश दिए।
मेंहदीगंज संवाद के अनुसारविशुनपुरा सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जिशान की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम इन दोनों गांवों में एक-एक कर पहुंची। उनके साथ सीएचओ रेशमा और एएनएम सुनीता श्रीवास्तव भी थीं। सिरसिया दीक्षित गांव में छह लोग व बड़हरागंज गांव में आठ लोग चिकन पॉक्स की चपेट में हैं। टीम ने इनका स्वास्थ्य परीक्षण किया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने चिकन पॉक्स की पुष्टि कर उन्हें दवाएं उपलब्ध कराईं। चिकन पॉक्स से पीड़ित सिरसिया दीक्षित गांव के हीरा गुप्ता, सुदर्शन दीक्षित, रामचंद्र, अजय, दीपू और बड़हरागंज गांव की निवासी किरन, कमलेश, सुनैना, सरिता रौनियार, रितिका, शंभू, आरती ने बताया कि उनके शरीर में दाने पड़ गए हैं। इसके अलावा तेज बुखार के साथ शरीर में जलन हो रहा है। इस पर स्वास्थ्य टीम ने पीड़ित लोगों को जरूरी सावधानी बरतने की सलाह देते हुए दवाएं दीं।