मुआवजा की मांग को लेकर परिजनों ने किया प्रदर्शन।
- फोटो : KUSHINAGAR
विशुनपुरा थाना क्षेत्र के गौरीश्रीराम के टोला माधोपुर में शुक्रवार की दोपहर करंट की चपेट में आने से राजमिस्त्री झुलस गया। परिजनों ने उसे सीएचसी दुदही में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम शव लेकर घर पहुंचे परिजनों ने सरकारी सहायता की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। विधायक असीम कुमार ने परिजनों की मदद का आश्वासन देकर धरना-प्रदर्शन खत्म कराया।
गौरीश्रीराम के टोला माधोपुर निवासी केदार (35) राजमिस्त्री थे। शुक्रवार को गांव के ही एक व्यक्ति के घर चुनाई करने गए थे। मकान की छत से हाईटेंशन की लाइन गुजरी है। मकान की दूसरी मंजिल पर केदार काम कर रहे थे। तभी अचानक 11 हजार वोल्ट बिजली की चपेट में वह आ गए। करंट लगने की सूचना पर परिजन उनको दुदही सीएचसी पर ले गए। वहां उपचार के दौरान केदार की मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम पोस्टमार्टम कराकर परिजन घर लौटे। लोगों ने गांव के पास ही शव रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस मामले की जानकारी किसी ने विधायक असीम कुमार को दी। विधायक ने परिजनों से बात करके तहसीलदार दीपक कुमार गुप्ता को मौके पर बुलवाया।
परिजनों को आर्थिक सहायता, आवासीय पट्टा और आवास योजना का लाभ मुहैया कराने का आश्वासन देकर धरना-प्रदर्शन खत्म कराया। परिजनों ने विधायक को बताया कि राजमिस्त्री की बेटी वर्षा (10), बेटा निखिल (4), रिसु कुमार (8) और कुणाल (6) हैं।
इस संबंध में थाना प्रभारी हरिलाल राव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।