नेबुआ-नौरंगिया। स्थानीय थाना के ढोरही फार्म के समीप मंगलवार देर रात करीब 11 बजे को पैदल घर जा रहे एक बस चालक को बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने खुद को पुलिस बताते हुए नकदी और कागजात लूट लिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक से पूछताछ के बाद उसे घर भिजवाया। इस घटना को लेकर क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। खड्डा थाना क्षेत्र के चमरडीहा गांव निवासी दशरथ शर्मा बस चालक है। वह दो दिन पहले पडरौना से प्रयागराज बस भाड़े पर लेकर गया था। वहां से मंगलवार रात को बस लेकर वापस आया और यात्री को उनके घर छोड़कर बस को पडरौना में खड़ा करके घर जाने के लिए पैदल ही बावली चौक आया। वहां जब कोई साधन नहीं मिला तो पैदल ही घर के लिए चल दिया। नेबुआ नौरंगिया थाना के ढोरही फार्म व सरपतही गांव के बीच पहुंचा तभी सामने से बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश आए और खुद को पुलिस बताते हुए उसे थप्पड़ से मारते-पीटते उसके पाकेट में गाड़ी के कागजात के साथ रखे 12 सौ रुपये लूटकर फरार हो गए। चालक ने 112 नंबर पर घटना की जानकारी दी।