हाटा। पहचान और धर्म छिपाकर युवक ने महिला से शादी रचा ली और बस्ती में किराए के मकान मेें काफी दिनों तक साथ रहे। कुछ दिन पहले युवक महिला को छोड़कर चला गया। युवक ढूंढ़ती हुई महिला हाटा पहुंची तो सूरज उर्फ अनीस की असलियत उजागर हो गई। महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।
गोरखपुर जिले की रहने वाली एक महिला का संपर्क एक साल पहले हाटा कोतवाली क्षेत्र के डुमरी मलाव गांव निवासी सूरज उर्फ अनीस से हुआ। सूरज ने अपना धर्म और पहचान छिपाकर महिला को झांसे में ले लिया और उसके साथ अवैध संबंध बनाया। इसका वीडियो बनाकर युवक महिला के पति के व्हाट्सअप पर भेज दिया। पति ने महिला को छोड़ दिया और सूरज ने मंदिर में महिला से शादी रचा ली और बस्ती में किराए के मकान में दोनों पति-पत्नी के रूप में रहने लगे। सूरज हिंदू रीति-रिवाज से महिला के साथ रहता था।
कुछ माह पहले सूरज महिला को छोड़कर चला गया। पता लगाते हुए महिला सूरज के घर डुमरी मलाव पहुंची तो सूरज उर्फ अनीस की हकीकत जानने के बाद वह दंग रह गई। हाटा कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर सूरज पर ब्लैकमेल कर शादी कर दुष्कर्म करने और बिना मर्जी गर्भपात कराने का आरोप लगाया। पुलिस की जांच में पता चला कि इसके पहले युवक अपने धर्म में दो शादियां करने के बाद तलाक दे चुका है। इंस्पेक्टर राजप्रकाश सिंह ने बताया कि दुष्कर्म और गर्भपात कराने का केस दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।