भैसहा गांव में देवी मंदिर की क्षतिग्रस्त मां की वेदी।संवाद
- पुजारी की तहरीर पर केस दर्ज, क्षतिग्रस्त पिंडी को कराया गया ठीक
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा। एक मनबढ़ ने ईट से प्राचीन भैसहां देवी मंदिर की पिंडी तोड़ दी। इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पुलिस को इसकी जानकारी हुई तो तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुजारी की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। क्षतिग्रस्त पिंडी को ठीक करा दिया गया है।
खड्डा थाना क्षेत्र के भैसहां गांव में प्राचीन देवी मंदिर है। मंगलवार की रात्रि में इसी गांव के रहने वाले धर्मा प्रसाद पुत्र कोलाई पहुंचा और देवी के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करने लगा। उसने मंदिर में काली मां के हाथी के पास स्थित पिंडी को ईट से तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया।
बुधवार की सुबह मंदिर के पुजारी बृजभूषण तिवारी पहुंचे तो इस बात का पता चला। इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई तो लोग आक्रोशित हो गए। सूचना मिलते ही खड्डा थाने के प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह और हलका एसआई अखिलेश सिंह फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और धर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
पुजारी की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध धार्मिक भावना काे आहत करने, धार्मिक वस्तु को नष्ट करने की धारा में केस दर्ज कर कर लिया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिंडी को अपनी मौजूदगी में ठीक करा दिया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह ने बताया कि पिंडी तोड़ने वाले के विरुद्ध केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।