पडरौना। छठ पर्व को लेकर मंगलवार को डीएम और एसपी ने नगर के रामधाम पोखरे का निरीक्षण किया। उन्होंने छठ पर्व के दिन व्रत करने वाली महिलाओं समेत आने वाले लोगों की सुरक्षा और पेयजल समेत अन्य संसाधनों का पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान रामधाम पोखरे में जलकुंभी मिली। इसको गंभीरता से लेते हुए डीएम उमेश मिश्र ने मौजूद अधिकारियों को पोखरे से जलकुंभी (खरपतवार) साफ करवाने। उसमें साफ पानी भरवाने, घाट की साफ-सफाई व वैरिकेडिंग और पेययल समेत अन्य संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि छठ के व्रत करने वाली महिलाओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी छठ घाटों पर सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि दिवाली और छठ पर कानून व्यवस्था कायम रखना प्राथमिकता है। भीड़ प्रबंधन, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था एवं सुचारू यातायात प्रबंधन के लिए सभी अधिकारी और पुलिस कर्मी सजग रहे। इस दौरान एसपी धवल जायसवाल, सदर एसडीएम महात्मा सिंह, ईओ संतराम सरोज, लेखपाल योगेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।