- कलक्ट्रेट सभागार में आपदा पीड़ित सभी योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में आपदा सोमवार को दैवीय आपदा प्रबंधन जांच समिति की बैठक हुई। इसमें अभियान चलाकर आपदा से पूर्व इसके बारे में लोगों को जागरूक करने और आपदा से जुड़ी योजनाओं का लाभ शतप्रतिशत लाभ संबंधित लाभार्थियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की दैवीय आपदा प्रबंधन जांच समिति की बैठक को संबोधित करते हुए सभापति उमेश द्विवेदी ने कहा कि जिले में अभियान चलाकर लोगों को आपदा प्रबंधन के बारे में लोगों को जागरूक करें। सर्प दंश, किसान दुर्घटना बीमा, बाढ़ से बचाव आदि के संबंध में लोगों को जागरूक करने के अलावा किसी भी आपदा से प्रभावित लोगों को सरकार की तरफ से अनुमन्य लाभ से लोगों को लाभान्वित करें। इसके बाद सभापति के अलावा विधान परिषद समिति सदस्य सुरेंद्र चौधरी, लाल बिहारी यादव, धर्मेंद्र सिंह, विवेक सिंह व तेज प्रताप ने नदी में बाढ़ की स्थिति, नाव दुर्घटना, आकाशीय बिजली, आंधी तूफान सर्पदंश, आगजनी, डेंगू, मलेरिया आदि के संबंध में जानकारी ली।
एडीएम वैभव मिश्रा ने समिति के समक्ष जिले में आपदा प्रबंधन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। सभापति ने आपदा के दौरान घायलों के लिए राहत अनुदान देने, दुर्घटना बहुल्य क्षेत्रों, कुओं, तालाबों, नहरों को चिह्नित कर नदी की गहराई वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने के लिए निर्देश दिया। इसी तरह उन्होंने आबाकारी विभाग, पीएम किसान सम्मान निधि, संचारी रोगों, विशेष कर डेंगू व मलेरिया से बचाव, ऑपरेशन कायाकल्प के 19 पैरामीटर्स को पूर्ण करने, विद्यालय की समय सारणी के अनुसार ही कोचिंग संचालन करने, विजिलेंस एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को चेकिंग के दौरान मनमाने ढंग से बिल का चार्ज नहीं करने समेत अन्य सभी विभागों के अधिकारियों को जारूरी निर्देश दिए।
इस दौरान एएसपी रितेश कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. सुरेश पटरिया, आपदा विशेषज्ञ रवि राय, जिला कृषि अधिकारी डॉ. मेनका सिंह, बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्या, डीआईओएस रविंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।