फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुशीनगर: पडरौनावासी बने बराती, भोले की बरात में नाचे-गाए

Sun, 19 Feb 2023 12:07 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
कुबेर स्थान शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए कतार में लगे श्रद्धालु।
विज्ञापन
महाशिवरात्रि पर जयकारों से गूंज उठे शिवालय, जगह जगह हुए भव्य आयोजन
विज्ञापन

-गुदरीबाजार स्थित श्रीबुढि़या माई मंदिर परिसर से बैंड बाजे के साथ निकली शिव बरात

संवाद न्यूज एजेंसी

पडरौना (कुशीनगर )। महाशिवरात्रि के मौके पर शनिवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों के गर्भगृह से लेकर बाहर सड़क तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने भांग, धतूरा, बेल पत्र, पुष्प, बेर, दूध और जल से भरे कलश से भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
पडरौना नगर के गुदरी बाजार स्थित प्राचीन श्री बुढि़या माता मंदिर परिसर से बैंड बाजे के साथ हर्षोल्लास से शिव बरात निकाली गई। नगरवासी बराती की भूमिका में रहे। इस दौरान ''''बम भोले'''' और ''''हर हर महादेव'''' के जयघोष गूंजते रहे। महिलाओं ने भगवान शिव का परछावन कर मंगल गीत गाए।
विज्ञापन

भोले की बरात छुछिया गेट, तिलक चौक, सुभाष चौक, कोतवाली रोड, धर्मशाला रोड, गुदरीबाजर होते हुए पुन: बुढि़या माता मंदिर परिसर में पहुंची। यहां कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ। बरात में शामिल भगवान शिव, पार्वती, ब्रह्मा, विष्णु, गणेश और शिव गण व भूत प्रेत की झांकियां माहौल को शिवमय बना रही थीं। बरात के मंदिर पहुंचते ही महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से भगवान शिव का परछावन किया। इसके बाद शिव-पार्वती के जयमाला का कार्यक्रम संपन्न कराया।
अंत में आयोजकों की तरफ से भंडारा का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान सदर विधायक मनीष जायसवाल, आयोजक धर्मनाथ केसरी, धीरज मोदनवाल, सुनील मोदनवाल, धीरज जायसवाल, चंदन जायसवाल, विष्णु कुमार, अमन कुमार, जीतेंद्र मद्धेशिया, सज्जन गुप्ता, विनय जायसवाल, संग्राम सिंह, नरेश केसरी, कन्हैया चौरसिया आदि मौजूद रहे।
इसी तरह सिद्घनाथ मंदिर, भारतीय शिवाला मंदिर, बुढि़या माई मंदिर, लखरांव मंदिर, अंबे मंदिर, खिरकिया मंदिर स्थित शिवालयों सहित छावनी के महादेव मंदिर एवं भन्नुनाथ मंदिर, लमुहा शिवमंदिर, करहिया शिवमंदिर, रामपुर मटिहनिया स्थित प्राचीन शिवमंदिर सहित सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महाशिवरात्रि के अवसर पर इन मंदिरों के परिसर में मेला लगा।

कुबेरनाथ में शुक्रवार शाम से ही पहुंचने लगे श्रद्धालुओं के जत्थे
कुबेरनाथ प्रतिनिधि के अनुसार, कुबेरनाथ धाम में दर्शन, पूजन एवं जलाभिषेक के लिए शुक्रवार की शाम से ही भक्तों का जत्था मंदिर पहुंचने लगा था। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्रृंगार, पूजन, भोग एवं आरती के बाद मंदिर का मुख्य पट रात एक बजे से ही खोल दिया गया था। महिला व पुरुष अलग-अलग कतारों में मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचे। मंदिर में पूजन करने के बाद श्रद्धालुओं ने मेले में खरीदारी की। पुलिस, पीएससी के अलावा सीसीटीवी कैमरे मंदिर परिसर की निगरानी हुई। गंगुआ बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, बाबा विशेश्वर नाथ महादेव मंदिर में हरहर महादेव के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं ने पूजन किया। यह मंदिर यूपी और बिहार के लोगों के लिए श्रद्धा का केंद्र है। कप्तानगंज, रामकोला, कसया, मथौली बाजार, तरयासुजान, सलेमगढ़, अहिरौली बाजार के प्रतिनिधियों के अनुसार, छोटे बड़े सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं भीड़ जुटी रही


शिवमय हुआ माहौल, हर ओर जय-जयकार
फोटो

कसया (कुशीनगर)। महाशिवरात्रि पर्व पर नगर के गांधी चौक स्थित श्रीनाथ मंदिर समिति की ओर से शनिवार को शिव बरात निकाली गई। हर हर महादेव के जयघोष के साथ लोगों ने पुष्प वर्षा से स्वागत किया। पूरा दिन कसया नगर शिवमय बना रहा। इसमें ब्रह्मा, विष्णु, महेश सहित विभिन्न देवताओं के वेश धारण किए कलाकारों की आरती उतारी गई। बरात नगर भ्रमण करते हुए पुन: शिव मंदिर पहुंची। वहां जयमाल का कार्यक्रम हुआ। इस दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. सीपी गुप्ता, कुशीनगर विधायक पीएन पाठक, पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, सुदामा, कृष्ण कुमार, राकेश जायसवाल, ओमप्रकाश जायसवाल, राजेश, अमरचंद, अमिय गुप्ता, विनय राय, प्रसून्न जायसवाल, अवधेश,संतोष, सुमीत त्रिपाठी, पवन गुप्ता, सुरेश गुप्त मौजूद रहे। संवाद



शिव महिमा के प्रसंग सुनकर थिरके कदम
तमकुहीरोड। सेवरही कस्बा में रामजानकी मंदिर और चनरी चौराहा से शिव झांकी और शोभा यात्रा निकाली गई। नगर बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा। यह शोभा यात्रा किदवई नगर, सुभाष नगर, गांधी नगर, तुलसी नगर, शास्त्री नगर, जवाहर नगर, मालवीय नगर, आजाद नगर, पटेल नगर, मालगोदाम चौक, पुरानी पुलिस चौकी, आजाद चौक आदि स्थानों से होते हुए निकली। कलाकारों ने शिव महिमा से जुड़े प्रसंगों पर नृत्य व संगीत का ऐसा समा बांधा कि लोग झूमते व थिरकते रहे। ‘डम डम डमरू बजावेला हमार जोगिया हो’ व ‘होली खेले मसाने में’ और ‘बम बम बोल रहा है काशी’ जैसे गीतों पर भक्त नाचते गाते हुए आगे बढ़े। इस दौरान शेखर जायसवाल, सोनू पाठक, विक्की जायसवाल, सुनील गिरि, पप्पू जायसवाल, रंजीत मद्धेशिया, सुनील जायसवाल आदि मौजूद रहे। संवाद

परमात्मा अवतरण का संदेश है शिवरात्रि

फाजिलनगर। शिवरात्रि परमात्मा अवतरण का संदेश है। इन्सान काम, क्रोध, लोभ, मोह व अहंकार आदि मनोविकारों की वजह से दुखी और अशांत होता तब परमात्मा पृथ्वी पर अवतरित होते हैं। यह बात ब्रह्मकुमारी राजयोग केंद्र फाजिलनगर की संचालक भारती दीदी ने कही। उन्होंने कहा कि कलयुग के अंत और सतयुग प्रथम बेला में परमात्मा शिव प्रजापिता ब्रह्मा के तन में अवतरित होकर ब्रह्माकुमारी बहनों के जरिये लोगों को जीवन जीने की कला सिखाएंगे। राधेश्याम पांडेय ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए आध्यात्मिकता की जरूरत है। आध्यात्मिकता का अर्थ मूल्यों के स्रोत परमात्मा से मानसिक संबंध जोड़ना है। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्मा कुमार सूरज भाई ने किया। इस दौरान उमेश, सावित्री, उदयभान सिंह, रामायण सिंह रामप्रसाद लाल, निशा आदि मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन




शोभा यात्रा में करतब दिखा रहा किशोर झुलसा
कसया। शिव बरात में करतब दिखा रहा शिवाजी नगर वार्ड (मुड़ेरा रत्नपट्टी) निवासी भोलू सिंह झुलस गया। आनन फानन उसे सीएचसी पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताते हैं कि वह पेट्रोल जलाकर लपटें निकालकर लोगों को आकर्षित कर रहा था। इस दौरान अचानक उसके शरीर में आग लग गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें