पडरौना। महाशिवरात्रि का पर्व शुक्रवार को श्रद्धाभाव से मनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रसिद्ध कुबेरस्थान मंदिर के आसपास रूट परिवर्तित किया गया है। शिवालयों में हर-हर महादेव की गूंज दिन भर सुनाई देगी। बृहस्पतिवार को प्रमुख मंदिरों में तैयारी चलती रही।
इस मंदिर के रास्ते पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। क्षेत्र के अन्हारी बारी चौराहा, राजकुमार इंटर कॉलेज के पास अमवा गेट, पिपरा मोड़ तथा तुर्कपट्टी मार्ग पर परसौनी मार्ग पर बैरियर लगाए गए हैं। अन्हारी बारी चौराहा से नहर के रास्ते रूट डायवर्ट करके वाहनों को अमवा होते हुए तुर्कपट्टी-कसया मार्ग पर भेजा जाएगा। मेले में पुलिस के अलावा पीएसी और अग्निशमन विभाग का दस्ता तैनात किया गया है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
उधर, पडरौना नगर के शिवाला मंदिर, दरबार स्थित शिवमंदिर, बुढि़या माई मंदिर, भूतनाथ कॉलोनी स्थित शिवमंदिर, छावनी के भन्नूनाथ शिवमंदिर, करहिया धाम, बाबा सिद्धनाथ स्थान, बालखंडी स्थान, पिजावा स्थान आदि जगहों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। यहां मंदिर व्यवस्थापक तैयारियों में जुटे रहे। एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि किसी तरह की गड़बड़ी करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।
0
कुबेरनाथ: धन के देवता का एक मात्र साधनास्थल
कुबेरस्थान प्रतिनिधि के अनुसार, श्रीशिव शक्ति मंदिर कुबेरनाथ धाम धन के देवता कुबेर का एक मात्र साधनास्थल है। यहां कुशीनगर के अलावा बिहार और नेपाल के भी श्रद्धालु पहुंचते हैं। मठाधीश्वर राजकुमार गिरी ने बताया कि भगवान श्रीकुबेरनाथ के दर्शन के लिए लोग आते हैं। मान्यता है कि भगवान कुबेर सबकी मनोकामना पूरी करते हैं।
0
उज्ज्वल नाथ : चार भुजाओं वाली पार्वती का दुर्लभ मंदिर
उजारनाथ प्रतिनिधि के अनुसार, पटहेरवा तुर्कपट्टी मार्ग पर करमैनी से उत्तर दो किमी पर स्थिति उजारनाथ में भगवान शिव, उज्ज्वलनाथ व पालनाथ के रूप में विराजमान हैं। यहां दुर्लभ चार भुजाओं वाली पार्वती का मंदिर उज्ज्वल नाथ है, जिसका नाम ही अपभ्रंश होकर उजारनाथ हो गया। मान्यता है कि उज्ज्वलनाथ व पालनाथ अपने भक्तों की मुरादें पूरी करते हैं। महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां मेले का आयोजन होता है।
0
शिव-पार्वती विवाह के उपलक्ष्य में मनाते हैं पर्व
पंडित डॉ. हरिओम मिश्र ने बताया कि इसी दिन भगवान शिव का विवाह माता पार्वती के साथ हुआ था। इसी उपलक्ष्य में हर वर्ष यह पर्व श्रद्धाभाव से मनाया जाता है। इस दिन स्नान के बाद बेलपत्र, दूध, दही, शहद, गन्ने का रस, भांग, धतूरा आदि से शिव पार्वती की पूजा और रुद्राभिषेक करने से जीवन के सारे संताप मिट जाते हैं। सुख-समृद्धि आती है।
कड़ी सुरक्षा के बीच शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे श्रद्धालु
- 13 जोन में बांटा गया जिला, 19 सुपर जोनल और 37 सेक्टर मजिस्ट्रेट की हुई तैनाती
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। महाशिवरात्रि को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिले को 13 जोन में बांटा गया है। डीएम ने तीन पर्यवेक्षक, 19 सुपर जोनल और 37 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती किया है। शुक्रवार को भोर से शाम तक मजिस्ट्रेट अपने कार्य क्षेत्र में सक्रिय रहेंगे। मंदिरों पर लगे सीसी टीवी कैमरे से भी पुलिस मॉनिटरिंग करेंगी। श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई दिक्कत न हो इसके लिए शिवालयों से कुछ दूरी पर वाहन पार्किंग की सुविधा भी स्थानीय प्रशासन की ओर से बनाया गया है।
डीएम उमेश मिश्रा ने बताया कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शिवरात्रि पर सुरक्षा का इंतजाम सभी शिवालयों में रहेगा। पर्यवेक्षक अधिकारी, सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा नगर निकायाें में मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। कसया,फाजिलनगर , तमकुहीराज, दुदही, सेवरही में पर्यवेक्षक अधिकारी सीडीओ गुंजन द्विवेदी, तहसील क्षेत्र हाटा, पडरौना, सुकरौली, मथौली में एसडीएम अनिल कुमार, तहसील क्षेत्र कप्तांगनगंज,रामकोला, खड्डा, छितौनी के लिए एसडीएम मोहम्मद जफर को पर्यवेक्षक नामित किया गया है। शिवरात्रि त्यौहार पर कोई नई परंपरा मान्य नहीं होगी। कोई असहज कलेक्ट्रेट में बने कंट्रोल रूम 05564-240590 या कंट्रोल रूम के प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय कुमार को 7518024041, डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी को 7834948507 नंबर पर फोन कर जानकारी दी जा सकती है।