फाजिलनगर। राजमालती स्टेडियम में आयोजित 20वीं अखिल भारतीय शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे मैच में क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ ने बोध गया इलेवन बिहार को 53 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। लखनऊ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 21 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 234 रन बनाए। शौर्य सिंह ने 27 गेंदों में 75 रन (7 छक्के, 6 चौके) की आतिशी पारी खेली। कुशाग्र सिंह ने 30, संकेत मौर्य ने 30 और प्रियांशु पाण्डेय व समीर अंसारी ने 27-27 रन बनाए। बिहार की तरफ से अतुल प्रकाश ने 4 विकेट लिए। बिहार की टीम 178 रन पर ऑलआउट हुई। गौतम विजय कुमार ने 57 और आदित्य राज ने 50 रन बनाए। लखनऊ की तरफ से हसन अख्तर, मनीष शर्मा और सत्यम पाण्डेय ने दो-दो विकेट लिए।