समउर बाजार। घर बैठे बीएड करने के लालच में दो व्यक्ति 90 हजार रुपये गंवा बैठे हैं। अपने साथ हुई ठगी की जानकारी हुई तो पटहेरवा थाने पहुंचकर लछिया खास गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी। युवकों ने आरोपी पर रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है। शिकायतकर्ता रामकोला थाना क्षेत्र के खोटही गांव का निवासी है।
रामकोला थाना क्षेत्र के खोटही गांव के निवासी गड्डू प्रसाद ने पटहेरवा थाने की पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि उनके साथ नेबुआ नौरंगिया के निवासी दिवाकर शर्मा की बात मोबाइल से पटहेरवा थाना क्षेत्र के लछिया खास के प्रमोद यादव से बीएड में प्रवेश दिलाने के लिए हुई थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक लाख रुपये में वह घर बैठे बीएड की डिग्री दिला देंगे। आरोपी ने कसया बुलाया। वहां 80 हजार रुपये लिया। दस हजार रुपये अपने खाते में लिया। इसके बाद वह फोन उठाना छोड़ दिया। एक बार फोन उठाए तो जातिसूचक गाली देते हुए धमकी देने लगे कि पैसा मांगे तो हाथ-पैर तोड़ दूंगा। जब उनके गांव जाकर पता किया तो ज्ञात हुआ कि वह लड़कों से प्रवेश दिलाने के नाम पर पैसा लेकर ठगी करता है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद प्रमोद यादव के विरुद्ध एससी-एसटी, अमानत में खयानत व धमकी देने आदि की धाराओं में केस दर्ज किया है। प्रभारी थानाध्यक्ष हरेराम यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
0
कोर्ट के आदेश पर पिछले महीने भी दर्ज हुआ है धोखाधड़ी का केस
- जांच अधिकारी का हो गया स्थानांतरण, जांच लंबित
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। पटहेरवा थाना क्षेत्र के लछिया देवरिया गांव निवासी प्रमोद कुमार यादव ने मेरठ में बीटीसी प्रशिक्षण केंद्र के प्रबंधक पर बीटीसी में एडमिशन नहीं करने और करीब पांच लाख रुपये हड़पने का पिछले महीने आरोप लगाया था। न्यायालय के आदेश पर पटहेरवा पुलिस ने धोखाधड़ी और धमकी देने का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रमोद कुमार यादव ने जेएम कोर्ट कसया कुशीनगर न्यायालय में बाद दाखिल कर बताया था कि 17 नवंबर 2016 को बीटीसी में नामांकन के लिए विज्ञापन निकला था। नामांकन के लिए श्रीमती कमला देवी विद्यापीठ श्रद्धापुरी मेरठ के दो मोबाइल नंबर दिए गए थे। उसमें एक नंबर पर संपर्क किया। फोन रिसीव करने वाले ने अपना नाम अमित गिरी बताते हुए बीटीसी ट्रेनिंग सेंटर का प्रबंधक बताया। उन्होंने कहा कि नामांकन कराना हो, तो जल्दी करो, सीमित जगह है। प्रति छात्र ढाई लाख रुपये फीस है, जिसमें हास्टल खर्च भी शामिल है। उन्होंने दो खाता नंबर दिए, जिसमें एक पीएनबी शाखा श्रद्धापुरी श्रीमती कमला देवी विद्या पीठ और दूसरा एसबीआई शाखा श्रद्धापुरी आरईटी विद्यापीठ का बताया। फोन पर हुई वार्ता के बाद प्रमोद कुमार यादव ने अपने दो साथियों गोविंद शर्मा सरैया महंत पट्टी थाना चौराखास और संजय शर्मा निवासी अवरवा सोफीगंज थाना तुर्कपट्टी के नामांकन के लिए विभिन्न तिथियों में करीब चार लाख रुपये भेज दिए। साथ ही अमित गिरी को 1.10 हजार नकद भी दिया गया। लेकिन, प्रशिक्षण केंद्र में नामांकन नहीं हुआ और रुपये भी वापस नहीं किए गए। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने अमित गिरी निवासी एनएच-58 श्रद्धापुरी फेज नंबर दो पॉकेट, कंकर खेड़ा मेरठ के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
इस मामले में विवेचक रहे उप निरीक्षक सभाजीत सिंह ने बताया कि उनका स्थानांतरण हो गया है। जांच अभी पूरी नहीं हो पाई है। इस मामले में नए विवेचक के साथ समन्वय बैठाकर शीघ्र ही जांच को पूर्ण किया जाएगा।