- पोस्ट डालने वाले ने अलग-अलग खातों में फोनपे से ले ली रकम
- न बोलेरो मिली और न रकम, ठगी के शिकार व्यक्ति ने दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
पटहेरवा। फेसबुक पर 1.80 लाख रुपये में बिकाऊ बोलेरो का प्रचार देख झांसे में आए पटहेरवा निवासी एक युवक ठगी का शिकार हो गया। उसने फेसबुक पर दिखे नंबर पर बात कर विभिन्न खातों में फोनपे के माध्यम से 86,150 रुपये भेज दिए। इसके बाद उसे न तो बोलेरो मिली और न ही रुपये वापस हुए। उसने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पटहेरवा निवासी धीरज पटेल ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि फेसबुक पर एक पोस्ट देखा। उसमें एक बोलेरो 1.80 लाख रुपये में बिकाऊ था। बोलेरो का फोटो देखकर उसने पोस्ट पर लिखे नंबर से बात की तो उन्हें 24 घंटे के भीतर बोलेरो मिलने का आश्वासन दिया गया। उन्होंने पुलिस को बताया कि फोन रिसीव करने वाले व्यक्ति ने फोनपे का नंबर देते हुए 3,150 रुपये भेजने की बात कही। यह रकम पीड़ित ने बताए गए खाते में फोनपे से भेज दिया। इसके बाद उसने अलग-अलग खाते में कुल 86,150 रुपये लिए, लेकिन रुपये भेजने के बाद भी उन्हें बोलेरो नहीं मिला है।
पटहेरवा के थानाध्यक्ष अनिल उपाध्याय ने बताया कि इस मामले की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।