तुर्कपट्टी। कस्बा के कपड़े की दुकान में शार्ट सर्किट से शनिवार की रात आग लग गई। दुकान में रखा करीब 15 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। दुकान से आग की लपटें निकलती देख आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई। लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद फायर ब्रिगेड का वाहन पहुंचा। नाराज लोगों ने खरी खोटी सुनाई।
तुर्कपट्टी-कुबेरस्थान मार्ग पर जंगल शंकरपुर गांव निवासी धर्मेंद्र की कपड़े की दुकान है। शनिवार की शाम को दुकानदार दुकान बंद कर घर चले गए। देर रात को दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटे निकलती देख लोगों ने शोर मचाया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लेकिन, फायर ब्रिगेड आग बुझने के बाद पहुंचा। कुछ देर बाद दुकानदार धर्मेंद्र भी पहुंच गए। दुकान का ताला खोला गया तो अंदर रखा सामान राख हो गया था। दुकानदार का कहना है कि आग से करीब 15 लाख की क्षति हुई है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने भी घटना की जानकारी ली।