तमकुहीराज। तरयासुजान क्षेत्र के भुलिया रेलवे ढाले के पास शनिवार की देर शाम चार बदमाशों ने असलहे के बल पर ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से करीब 1.42 लाख रुपये और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। सुनसान इलाके में हुई वारदात की जानकारी पीड़ित ने घर पहुंचकर परिजनों को दी।
पिपरा अगरवा गांव के निवासी शाहरुख खान पुत्र अजीमुल्लाह करीब पांच वर्षो से भुलिया बाजार में ग्राहक सेवा केंद्र चलाता है। घर और केंद्र के बीच करीब एक किलोमीटर का फासला है। शाहरुख ने शनिवार देर रात पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शाम करीब सात बजे के बाद दुकान बंद कर वह पैदल ही घर के लिए निकला। उसके पास करीब 1.42 लाख रुपये भी थे। तमकुहीराज-सिसवा मार्ग पर भुलिया रेलवे ढाले के समीप चार बदमाशों ने उसे रोक लिया। अभी वह कुछ समझ पाता, उसके सिर पर असलहा लगा कर जान से मारने की धमकी देने लगे। शाहरुख ने बताया कि बदमाशों ने उससे रुपये और मोबाइल फोन छीन कर पास के बगीचे की ओर भाग निकले। सुनसान इलाका और ठंड के कारण मदद के लिए कोई अन्य मौजूद नहीं था। वहीं, एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि तहरीर मिली है। प्रथमदृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है।