खड्डा(कुशीनगर)। थाना क्षेत्र के रामपुर गोनहा गांव के सरेह में तेंदुआ देखा गया। लोगों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम उसे पकड़ने के लिए कांबिंग शुरू कर दी है। हालांकि तेंदुआ या उस तरह के अन्य किसी जानवर का पता नहीं चल सका है।
खड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर गोनहा के कपसी टोला के पास मंगलवार की देर रात गांव के लोगों ने टार्च की रोशनी में तेंदुआ को विचरण करते देख शोर मचाया। सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची, लेकिन जानवर को कोई पता नहीं चल पाया। लोगों का कहना है कि गांव के सटे महराजगंज जिले की सीमा में जंगल है। इसमें कई जंगली जानवर रहते हैं। इस जंगल से निकलकर जानवर खड्डा क्षेत्र के रिहायशी इलाके में चले आते हैं। वन विभाग की टीम क्षेत्र में कांबिंग करने में जुटी है। टीम ने लोगों को सतर्क रहने को कहा है। इस संबंध में डिप्टी रेंजर खड्डा अमित तिवारी ने बताया कि वन विभाग की टीम को तेंदुआ या उसकी शक्ल के किसी अन्य जानवर के होने का संकेत नहीं मिला। लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। वन विभाग की टीम कांबिंग में जुटी है।