लक्ष्मीगंज। रामकोला क्षेत्र के लालाछपरा गांव के भटवलिया टोले में लोगों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने की गरज से ओवरहेड टैंक बनकर तैयार है। रविवार को पेयजल की आपूर्ति शुरू किए जाने के बाद ही पाइप लाइन में लीकेज हो गया। इससे घरों तक पेयजल नहीं पहुंच सका। पाइप लाइन में लीकेज की जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे जल निगम के जिम्मेदार उसे ठीक कराने में जुट गए।
क्षेत्र के लालाछपरा गांव भटवलिया टोले में ओवरहेड टैंक का निर्माण कराया गया है। इस ओवरहेड टैंक से लक्ष्मीगंज बाजार के कॉलेज रोड, इमिलिया, भटवलिया, दुबे टोला, सूरजपुरा, डंगरा टोला आदि टोले में पाइप लाइन बिछाकर लोगों के घरों तक शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जानी है। लेकिन, रविवार को जब ओवरहेड टैंक के मोटर को चलाकर आपूर्ति शुरू की गई तो जगह-जगह पाइप में लीकेज होने से पानी सड़क पर बहने लगा। इससे आवागमन में भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। क्षेत्र के दिनेश, गुड्डू गुप्ता, विवेक, मनोज राजभर, प्रदीप यादव आदि का कहना है कि पाइप लाइन बिछाने के दौरान मानक का ख्याल नहीं रखा गया है। यही वजह है कि आपूर्ति शुरू होते ही लीकेज की समस्या उत्पन्न हो गई है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राकेश कुमार ने बताया कि पाइप लाइन में लीकेज होने से जलापूर्ति में दिक्कत हो रही है। जल निगम के सहायक अभियंता नीरज कुमार ने बताया कि लालाछपरा गांव में जलापूर्ति के लिए 1600 घरों को कनेक्शन दिया गया है। पाइप लाइन में हुए लीकेज को जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा।