पडरौना। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की तरफ से संचालित मंडल स्तरीय अटल आवासीय विद्यालय सहजनवां गोरखपुर में शैक्षणिक सत्र 2024-25 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। कक्षा छह व नौ में प्रवेश के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि तीन फरवरी निर्धारित की गई है। आवेदन पत्रों की जांच के बाद 25 फरवरी को प्रवेश परीक्षा होगी।
बुधवार को ग्राम सभा बटेसरा में आयोजित जागरूकता कैंप में श्रम विभाग के बीओसी कर्मचारी शशि शेखर मिश्र ने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों के पाल्यों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त सह शैक्षणिक आवासीय विद्यालय में निशुल्क शिक्षा, भोजन, खेलकूद छात्रावास एवं गणवेश की व्यवस्था के साथ बालक व बालिकाओं के लिए अलग-अलग छात्रावास की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि कक्षा छह में प्रवेश के लिए आवेदन करने वाले छात्र-छात्रा की जन्म तिथि 01-05-2012 से 31-07-2014 के मध्य एवं कक्षा नौ में प्रवेश के लिए आवेदन के लिए 01-05-2009 से 31-07-2011 के मध्य होनी चाहिए।
आवेदित छात्र-छात्राओं के पिता/माता के निर्माण श्रमिक होने की दशा में 31 दिसंबर तक बोर्ड में पंजीयन कम से कम तीन वर्ष की सदस्यता पूर्ण हो और अंशदान अद्यतन नवीनीकृत होना चाहिए। आवेदन के लिए अभ्यर्थी का जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, तीन पासपोर्ट साइज फोटो एवं अनाथ होने की दशा में माता-पिता का मृत्यु प्रमाणपत्र होना आवश्यक है। इस दौरान ग्राम प्रधान मोहन लाल गुप्ता, हदीश अहमद, कुंज बिहारी, अंकुर शर्मा, नन्दू मद्धेशिया, मनोज, प्रभवती, सुदर्शन आदि मौजूद रहे।