कप्तानगंज। कस्बे के रेलवे क्राॅसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज से 20 वर्षीय मजदूर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। हालत गंभीर देख उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मंगलवार की दोपहर में सुभाष चौक रेलवे क्राॅसिंग पर चल रहे ओवरब्रिज निर्माण के दौरान सेटरिंग का कार्य करते समय सीढ़ी से गिरकर देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के भिसवा निवासी रामजीत के 20 वर्षीय पुत्र रोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों व स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी पर दोनों पैर फ्रैक्चर, चेहरे व जबड़े में गंभीर चोट की पुष्टि के बाद घायल मजदूर को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। ओवरब्रिज का निर्माण करा रही कंपनी के जेई अखिलेश पांडेय ने बताया कि रोहित सीढ़ी पर चढ़कर सेटरिंग कर रहा था। किसी वाहन ने सीढ़ी में टक्कर मार दी। इससे सीढ़ी गिर गई और रोहित हादसे का शिकार हो गया। मेडिकल कॉलेज में उसका उपचार चल रहा है।