फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: अवैध देह व्यापार से कुशीनगर की विश्वस्तरीय पहचान पर लग रहा धब्बा

Mon, 25 Sep 2023 01:00 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
- शिक्षाविद्, वार्डवासी, दुकानदार सहित हर वर्ग है अवैध देह व्यापार के खिलाफ, प्रतिष्ठित होटल भी धंधे का कर रहे विरोध
विज्ञापन


संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर/पकवा इनार। चार प्रमुख बौद्ध तीर्थस्थलों में से एक महात्मा बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली कुशीनगर अपनी विशिष्टता के चलते विश्वस्तरीय पहचान समेटे हुए है। यह अध्यात्म, संस्कृति व सभ्यता का भी परिचायक है। यहां से संसार के दूसरे देशों में भगवान बुद्ध के उपदेशों को आत्मसात किया जाता है, लेकिन चंद लोग धन के लालच में कुत्सित मानसिकता वाले लोगों के जरिए देह व्यापार और अवैध शराब के धंधे को बढ़ावा दे रहे हैं। उनकी वजह से कुशीनगर की विश्वस्तरीय पहचान पर धब्बा लग रहा है। अगर ऐसे कृत्यों पर प्रतिबंध नहीं लगा तो यह श्रेष्ठ पहचान कलंकित होगी। कुशीनगर में चल रहे अवैध देह व्यापार की यहां के बुद्धिजीवियों ने निंदा की है।



महात्मा बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली, सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन अज्ञेय की जन्मस्थली पर देह व्यापार का समाज तथा पर्यटन पर व्यापक दुष्प्रभाव पड़ेगा। हाल में जो देह व्यापार से संबंधित घटनाक्रम हुए हैं, उससे समाज एवं शिक्षकों में आक्रोश है। सरकार को कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। यहां पर बिहार तथा अन्य राज्यों के भी छात्र अध्ययन करने आते थे। शिक्षा के प्रचार प्रसार के लिए केंद्र व राज्य सरकार अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय खोलने पर विचार कर रही है। इसलिए प्रशासन इस अनैतिक देह व्यापार को समाप्त कराए। -प्रो. राजेश कुमार सिंह, बुद्ध पीजी कॉलेज कुशीनगर, हिंदी विभाग
विज्ञापन



कुशीनगर बौद्ध ज्ञान और दर्शन के साथ ही वर्तमान में शिक्षा और पर्यटन का भी प्रमुख केंद्र है। अत्यधिक खेद का विषय है कि ऐसे सांस्कृतिक, शैक्षिक और पर्यटक स्थल पर अनैतिक देह व्यापार की खबर से कुशीनगर की छवि न सिर्फ स्थानीय स्तर पर, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी धूमिल हुई है। सभ्य समाज में ऐसे घृणित कार्य को करने वालों और ऐसे कार्यों को प्रश्रय देने वालों को कठोर दंड देना चाहिए। ये क्रिया-कलाप किसी भी दृष्टि से स्वीकार्य नहीं है। इस पर हर हाल में प्रतिबंध लगना ही चाहिए। -डॉ. अंबिका तिवारी, एसोसिएट प्रोफेसर, इतिहास विभाग, बुद्ध पीजी काॅलेज, कुशीनगर।



तथागत की भूमि कुशीनगर की शिक्षा और ज्ञान के क्षेत्र में ख्याति है। यहां अनैतिक कृतय अत्यंत शर्मनाक है। सामाजिक वर्गों का दायित्व है कि वे आगे आएं और संकल्प लें कि कुशीनगर के गौरव को आगे बढ़ाया जाएगा। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। ऐसा होने से पूरे समाज पर इसका असर पड़ेगा और ऐसी छवि से सभी को शर्मसार होना पड़ेगा। इसके कारण उनकी शैक्षणिक क्षमता प्रभावित होगी। कोई भी जगह स्वस्थ मस्तिष्क से ही निर्मित होता है। इसके लिए इस अवैध धंधे को बंद कराना होगा। -प्रो. उमाशंकर त्रिपाठी, राजनीति विज्ञान विभाग, बुद्ध पीजी कॉलेज, कुशीनगर



महात्मा बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली अंतरराष्ट्रीय तीर्थस्थल है। समाज में होने वाले परिवर्तनों में नैतिकता विहीन समुदायों की वृद्धि एवं तथाकथित विद्वत समुदायों की ओर से प्राप्त समर्थन ही इस पतन का मुख्य कारण है। देह व्यापार अनैतिक व्यवहार मूलतः पाश्चात्य सभ्यता की देन है, जो स्वतंत्रता को स्वच्छंदता के रूप में परिवर्तित कर दी गई है। आस्था के इस केंद्र पर अनैतिक देह व्यापार मानवता के लिए कलंक है। समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना के लिए परिवार, समाज, विद्यालय सबकी जिम्मेदारी है तथा वर्तमान समय की मुख्य मांग है। -प्रो. अवधेश पांडेय, समाजशास्त्र विभाग, बुद्ध पीजी कॉलेज, कुशीनगर

कुशीनगर अध्यात्म, संस्कृति व सभ्यता का केंद्र है। विश्व पटल पर इसकी पहचान भगवान बुद्ध के करुणा, मैत्री और शांति के संदेशो से है। देश-विदेश से लाखों की तादाद में पर्यटक व सैलानी यहां आते हैं। इसलिए यहां अवैध देह व्यापार नहीं होना चाहिए। इस धंधे को हर हाल में रोकना चाहिए। इसका संदेश समाज के लिए ठीक नहीं है। इससे कुशीनगर की छवि बेकार व खराब हो रही है। अगर यह चलता रहा तो यहां की स्वच्छ छवि पर धब्बा लगेगा और नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। इससे कोई अछूता नहीं रह पाएगा। इसे हर हाल में रोका जाना चाहिए।-तेज प्रताप शुक्ल, वार्ड-21, बुद्ध नगरी, कुशीनगर

कुशीनगर पूजनीय व पवित्र स्थल है। बौद्ध देशों के लोग दर्शन-पूजन करने पहुंचते हैं। ऐसे स्थल पर पाश्चात्य संस्कृति की तर्ज पर अवैध देह व्यापार अनैतिक व समाजविरोधी कृत्य है। यह हर हाल में बंद होना चाहिए। इसका पाल्यों पर गलत असर पड़ेगा। यहां शिक्षा के भी प्रमुख केंद्र हैं, जहां हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते हैं। उनके ऊपर भी इस धंधे का गलत असर पड़ेगा। प्रशासन और पुलिस को इसके खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि आगे कोई इसमें संलिप्त होने की बात न सोच पाए। इसके विरोध में समाज के हर वर्ग के लोगों को आना चाहिए। -श्यामदेव गोंड, वार्ड संख्या-21 बुद्ध नगरी, कुशीनगर।



शिक्षा और महात्मा बुद्ध के लिए कुशीनगर जाना व पहचाना जाता है, लेकिन कुछ समय से यहां के कुछ लोग गलत कार्यों में भी संलिप्त हैं। मनमाने तरीके से भवन बनाकर गेस्ट हाउस संचालन का धंधा फूल-फल रहा है। अवैध देह व्यापार को रोकने के लिए प्रशासन समय-समय पर कार्रवाई करता रहता है, लेकिन कोई ठोस परिणाम नहीं निकलता। कुछ दिन बंद होने के बाद फिर आरंभ हो जाता है। अब प्रशासन व पुलिस संयुक्त रूप से इस अवैध धंधे को रोकने का प्रयास कर रही है। यह पहल सराहनीय व प्रशंसनीय है। हर हाल में अवैध देह व्यापार बंद होना चाहिए। -हरहंगी प्रसाद, वार्ड संख्या-19 शिवाजी नगर, कुशीनगर
विज्ञापन


कुशीनगर महात्मा बुद्ध के लिए पहचाना जाता है। उनसे ही इसकी विश्व में ख्याति है, लेकिन कुछ गेस्ट हाउस हैं, जो इस छवि को धूमिल कर रहे हैं। इनके इस कृत्य का असर सोशल मीडिया के चलते प्रतिष्ठित होटलों पर भी पड़ने का अंदेशा है। जबकि ऐसे धंधे से उनका कोई लेना-देना नहीं है। बगैर मानक के गेस्ट हाउस व घरों में अवैध देह व्यापार ठीक नहीं है। इनके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई होनी चाहिए। इससे छवि खराब होने से बचेगी और होटल उद्योग का नाम कलंकित नहीं होगा। -राजेंद्र मोहन गुप्ता, प्रबंधक निक्को लोटस होटल, कुशीनगर।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें