साखोपार। स्वर्गीय अवधकिशोर सिंह क्रिकेट प्रतियोगिता का सेमीफाइनल मैच सोमवार को शिवपुर व कुशीनगर के बीच खेला गया। इसमें कुशीनगर ने शिवपुर की टीम को हराकर फाइनल में जगह बना ली।
टॉस जीतकर कुशीनगर की टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसल लिया। शिवपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 16 ओवर में 129 रन बनाई। इसमें अजहर ने सर्वाधिक 53 रन का योगदान दिया। कुशीनगर के भुवर ने तीन विकेट लिए। शिवपुर की टीम से मिले लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर उतरी कुशीनगर की टीम ने 15वें ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 130 रन बनाकर मैच जीत लिया। शिवपुर के अजहर के चार विकेट लेने पर उन्हें मैन ऑफ द मैच दिया गया। इसके अलावा दूसरे सेमीफाइनल में सनलाईफ हास्पिटल बैरिया ने गोरखपुर को हराया। बैरिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 16 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 211 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसमें डमडम बाबा ने मात्र 31 गेंद पर 10 छक्के और चार चौकों की मदद से 83 रन बनाए। इसके जवाब में उतरी गोरखपुर ने 14 ओवर में ही 173 रन पर ऑल आउट हो गई। गोरखपुर की तरफ से मनी ने सर्वाधिक 54 रन का बनाए। डमडम बाबा को मैन ऑफ द मैच दिया गया। मंगलवार को कुशीनगर और बैरियां के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा। मुख्य अतिथि बृजेश मिश्रा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल शुरू कराया। अंत में आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार जताया।
इस दौरान रणवीर सिंह निशु, बिक्की चौधरी, कुंदन सिंह, संजय सिंह, विनय पांडेय आदि मौजूद रहे।