खडडा। एमबीबीएस (सर्जन) बनकर अवैध अस्पताल में गलत ऑपरेशन करके जच्चा-बच्चा की जान लेने के आरोपी सलमान के सहयोगी सोहनरिया निवासी संतोष राजभर को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया। इस मामले में सलमान को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। अस्पताल सील है। बोर्ड पर लिखे अन्य डाक्टरों की पुलिस कुंडली खंगाल रही है। खड्डा कस्बे के महाराणा चौक पर बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित विब्रांत अस्पताल में झोला छाप सैयद सलमान जो खुद को सर्जन बताता था। उसने हनुमानगंज थाना क्षेत्र की रामपुर जंगल गांव की रहने वाली आसमां खातून का ऑपरेशन कर प्रसव कराया था। इसमें जच्चा-बच्चा दोनों की मौत हो गई थी। मृतका के पति सिकंदर की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर झोलाछाप सलमान को जेल भेज दिया था। विवेचना के दौरान संतोष राजभर निवासी ग्राम सोहनरिया थाना रविंद्रनगर का नाम सामने आया है। संतोष अस्पताल की देखभाल करने के साथ ही मरीजों को फंसाकर लाता था और ऑपरेशन कराकर धन वसूली करता था।
एसआई शशांक राय ने बताया कि केस की विवेचना में संतोष राजभर का नाम प्रकाश में आने पर गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। अन्य डाॅक्टरों की जांच की जा रही है।