कसया। बाजार से लौटते समय बुधवार की देर शाम बाइक सवार युवक को रास्ते में घेरकर उस पर चाकू से हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और उसे सीएचसी पहुंचाया।
प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ओवरटेक करने को लेकर वारदात का दावा कर रही है। युवक के घर वाले घटना का कारण नहीं बता पा रहे हैं। कसया थाना क्षेत्र के भैंसहा गांव निवासी कैफ (24) देर शाम को बाइक से सामान खरीदने चकदइया गया था। लौटते समय रास्ते में बाइक सवार युवकों को ओवरटेक किया। श्यामपुर गांव के सामने आरोपियों ने कैफ को रोक लिया और चाकू से हमला कर दिया। युवक के शोर मचाने पर लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। घायल युवक का इलाज चल रहा है। पुलिस की जांच में ओवरटेक करने का मामला सामने आया है, जबकि घर वाले घटना का कारण नहीं बता पा रहे हैं। अस्पताल पहुंचे कुछ युवक विवाद की वजह गुटबाजी बता रहे थे। सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि बाइक ओवरटेक करने को लेकर बाइक सवार युवक पर हमला हुआ है। इसकी जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।