पडरौना। हाईवे पर मुठभेड़ के बाद पुलिस की कार्रवाई में चौकाने वाली बात सामने आई है। शनिवार की भोर में हाटा पुलिस ने दो पशु तस्करों को दबोच लिया, जबकि पिकअप के आगे कार से चल रहा गैंग का सरगना भाग निकला। पुलिस की गोली से घायल तस्कर ने पूछताछ में सरगना का नाम और लोकेशन बताई तो पुलिस सकते में आ गई। पुलिस ने हाईवे के थानों से संपर्क कर सरगना को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके पहले पुलिस मुठभेड़ में दबोचे गए पशु तस्करों की पूछताछ में भी जितेंद्र और राजू सेठ का नाम आ चुका है। लेकिन, अब तक पुलिस के हाथ इनके गिरेबां तक नहीं पहुंच सके हैं।
पुलिस की सख्ती के बावजूद एनएच-28 से पशुओं की तस्करी नहीं रुक रही है। पुलिस की कार्रवाई कैरियरों तक सिमटी है। सरगना तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है। शनिवार की भोर में हाटा कोतवाली पुलिस और पशु तस्करों में भगत छपरा गांव के पास मुठभेड़ में देवरिया के कमरो होदा उर्फ भिंगुर और अब्बास अंसारी को गिरफ्तार किया गया। कमरो होदा के पैर में पुलिस की गोली लगी, जबकि तस्कर का निशाना चूक गया गया और पुलिस बाल-बाल बच गई।
पुलिस की पूछताछ में तस्करों ने बताया कि गोवंश को लेकर बिहार में जा रहे थे। पिकअप के आगे कार से सरगना फिरोज अंसारी चल रहा था, जो आगे निकल गया। पुलिस का दावा है कि सरगना देवरिया के तरकुलवा थाना क्षेत्र के महुआपाटन के पहाड़पुर गांव का रहने वाला है। रविवार को लोकल पुलिस की मदद से सरगना के घर पुलिस टीम पहुंची थी, लेकिन वह नहीं मिला। कैरियरों के मोबाइल में मिले कुछ नंबरों को सर्विलांस पर लगाकर पुलिस तस्करों के रैकेट को ट्रेस करने में जुटी है।
करीब एक माह पहले हाटा पुलिस ने मुठभेड़ में दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। तस्करी में शामिल पिकअप जितेंद्र नाम का सरगना उपलब्ध कराया था, जिसका ठिकाना हेतिमपुर के पास है। वहीं, सिवान का हसबुद्दीन खान का नाम सामने आया था। साक्ष्य मिलने के बाद भी पुलिस इन दोनों तक नहीं पहुंच सकी है। रामपुर जिले के राजू सेठ का नाम करीब ढाई महीने पहले आया था। उसका हाईवे के किनारे बड़ा नेटवर्क होने की बात सामने आई थी। लेकिन, अब तक उसे गिरफ्तार करना तो दूर, उसकी पहचान भी पुलिस नहीं कर सकी है। फिरोज अंसारी की पहचान के लिए पुलिस ने हेतिमपुर टोल प्लाजा पर लगे सीसी टीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाल रही है। जानकारों का कहना है कि अगर सरगना पुलिस की गिरफ्त में आ जाए तो बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।
-
-सरगना का नाम मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए तस्करों ने बताया है। उसकी तलाश की जा रही है। देवरिया का रहने वाला है। पिकअप के आगे रास्ता क्लीयर करने की जानकारी पुलिस को बाद में हुई। इससे सरगना गिरफ्तार नहीं हो सका। पुलिस टीम इस पर काम कर रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -अभिनव त्यागी एएसपी दक्षिणी