तुर्कपट्टी। थानाक्षेत्र के गांव महुअवा खुर्द में 14 वर्षीय बालक 20 अप्रैल को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया, काफी खोज-बीन के बाद उसकी मां की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को अपहरण का मुकदमा दर्ज कर बालक का पता लगाने में जुटी हुई है। सुमन देवी ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि उसका पुत्र धीरज गोंड़ (14) गांव के ही विद्यालय में कक्षा 8 में पढ़ता है। रविवार की दोपहर को अचानक वह घर से गायब हो गया। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो गांव सहित आस-पास के गांवों व रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। उसे आशंका है कि उसके पुत्र के साथ कोई अनहोनी न हो जाए या हो गया हो। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर बालक का पता लगाने में जुटी हुई है। इस संबंध में मधुरिया चौकी प्रभारी ब्रह्मा कुमार उपाध्याय ने कहा कि बालक के गायब होने की तहरीर मिली है। तत्काल मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। शीघ्र ही बालक को ढूंढ लिया जाएगा।