प्रदेश के विभिन्न जिलों का भ्रमण कर 24 मई को लखनऊ पहुंचेगी रैली
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2023 के लिए मशाल रैली लखनऊ से निकल चुकी है। यह रैली प्रदेश के विभिन्न जिलों का भ्रमण करते हुए 14 मई को कुशीनगर पहुंचेगी। जिला खेल विभाग की तरफ से इस रैली को सफल बनाने की तैयारी तेज कर दी गई है। कुशीनगर जिले में मशाल रैली को सफल बनाने की जिम्मेदारी जिला क्रीड़ाधिकारी रवि कुमार निषाद को सौंपी गई है।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बीएन मिश्र ने बताया कि लखनऊ से निकली मशाल रैली महराजगंज जिले के बाद 14 मई की दोपहर दो बजे कुशीनगर में पहुंचेगी। उस दिन जिले के कई स्कूली छात्र-छात्राएं इस रैली में शामिल होंगे। इस रैली में जिले के अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर के पूर्व खिलाड़ियों के अलावा अधिकारी, प्रशिक्षक और खेल संघों के पदाधिकारी शामिल होंगे। प्रदेश के युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निकली इस रैली को सफल बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। संबंधित विद्यालयों के संचालकों को स्कूल के विद्यार्थियों, अधिकारियों और पूर्व खिलाड़ियों को इस रैली में शामिल होने के लिए न्योता भेजा जा रहा है।