कसया। नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर तीन संत गाडगे नगर में खरदर माता का स्थान पर्यटन के रूप में विकसित होगा। इस पर 1.53 करोड़ रुपये खर्च होगा। शासन से बजट मिल चुका है। जल्द की काम शुरू होगा। मंदिर का भी जीणोद्धार कराया जाएगा। इसकी मांग काफी दिनों से चल रही थी। माता के स्थान पर जिले के अलावा गैर जिले से लोग माथा टेकने आते हैं। नगर पालिका के वार्ड नंबर तीन में खरदर माता के स्थान पर भक्तों का आना-जाना रहता है। इसकी सुंदरीकरण के लिए लोग क्षेत्रीय विधायक पीएन पाठक से काफी दिनों से मांग कर रहे थे। विधायक ने शासन में इस स्थान के सुंदरीकरण कराने के लिए पत्र लिखा था। इसका संज्ञान लेते हुए शासन ने निर्माण कराने के लिए स्वीकृति देते हुए बजट जारी किया है। मंदिर पर क्षेत्र के ग्रामीणों का काफी जुड़ाव है। लोगों का मानना है कि इस मंदिर पर जो श्रद्धालु सच्चे दिल से मन्नत मांगता है। उसकी मुरादे पूरी होती है। यह क्षेत्र का प्राचीन मंदिर है। विधायक ने बताया कि शासन की ओर से धार्मिक महत्व को बढ़ावा देने के किए प्रमुख धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार किया जा रहा है। मंदिर परिसर में इंटरलॉकिंग, सीसी रोड, साइनेज और बेंच सहित अन्य विकास कार्य होगा।