पडरौना। यात्रियों की सुविधा के लिए कटिहार-अमृतसर-कटिहार साप्ताहिक त्योहार विशेष गाड़ी कप्तानगंज जंक्शन पर रुकेगी। रेलवे ने समय सारिणी जारी कर दी है। इस ट्रेन का संचालन कटिहार से 18 सितंबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को होगा। इसी तरह यह ट्रेन अमृतसर से 20 सितंबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को 11 फेरों के लिए संचालित होगी।
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 05736 कटिहार-अमृतसर साप्ताहिक त्योहार विशेष गाड़ी के लिए समय सारिणी जारी की गई है। यह ट्रेन कटिहार से 18 सितंबर को 21 बजे प्रस्थान कर पूर्णिया, अररिया कोर्ट होते हुए फारबिसगंज 23:20 बजे पहुंचेगी। दूसरे दिन ललितग्राम से 00:15 बजे रवाना होकर सरायगढ़, निर्मली, झंझारपुर, सकरी, दरभंगा, सीतामढ़ी, रक्सौल के रास्ते नरकटियागंज 06.35 बजे पहुंचेगी। यहां से चलकर यह ट्रेन सुबह दस बजे कप्तानगंज और 11:10 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
इसके बाद बस्ती, गोंडा, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली होते हुए तीसरे दिन सुबह 9:45 बजे अमृतसर पहुंचेगी। इसी तरह 20 सितंबर को वापसी के दौरान 05735 अमृतसर-कटिहार साप्ताहिक त्यौहार विशेष गाड़ी अमृतसर से 13:25 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन गोंडा से 05:30 बजे पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 6:50 बजे बस्ती, 8:30 बजे गोरखपुर और 9:40 बजे कप्तानगंज जक्शन रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। इसके बाद नरकटियागंज, रक्सौल के रास्ते तीसरे दिन 23:45 बजे कटिहार पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि इस गाड़ी में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के तीन, जीएसएलआर की एक, शयनयान श्रेणी की पांच, साधारण द्वितीय श्रेणी की पांच और जीएसएलआरडी की एक समेत 15 कोच लगेगी।