अप्रैल 2023 में राज्य सड़क निधि से स्वीकृत हुआ था बजट, पूरी हुई टेंडर प्रक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कसया-तमकुही मार्ग के दिन बहुरने वाले हैं। इस मार्ग की सामान्य मरम्मत और नवीनीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। जल्द ही कार्यदायी संस्था की ओर से कार्य भी शुरू हो जाएगा। बीते अप्रैल में राज्य सड़क निधि से सात करोड़ रुपये का बजट मंजूर हुआ था।
कसया-तमकुही मार्ग की कुल दूरी 30 किलोमीटर है। यह सड़क कसया से प्रेमनगर, सपहां, तुर्कपट्टी, गुरवलिया, राजापाकड़ व बभनौली तक जाती है। इस रास्ते इन क्षेत्रों के अलावा बिहार प्रांत के मलाही टोला, ठकरहा और अहिरौलीदान आदि के लोग नियमित आवागमन करते हैं।
विभागीय सूत्रों की मानें तो इस सड़क की कुल लंबाई 30 किलोमीटर है, लेकिन नवीनीकरण व मरम्मत का काम केवल 18 किलोमीटर तक ही होना है। विभाग ने मार्ग के उन सभी स्थलों को चिह्नित कर लिया है, जहां-जहां मरम्मत व नवीनीकरण होना है। नवीनीकरण के कार्य में सड़क के ऊपर सिर्फ एक पतली परत चढ़ाने का कार्य होना है। इससे सड़क की सूरत बदलने के साथ लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।
कोट
इस मार्ग के नवीनीकरण एवं मरम्मत कार्य के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही इस मार्ग पर मंजूर हुए धन के अनुसार कार्य कराए जाएंगे। गड्ढों को भरने के साथ ही सड़क के सभी ब्लैक स्पॉट को दूर कर राहगीरों की यात्रा को सुगम बनाने का प्रयास है।
- मृत्युंजय कुमार, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग